युवक की हत्या के मामले का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, बाइक चलाने के दौरान रास्ते में हुए विवाद में की हत्या

indresh98kumar@gmail.com
4 Min Read
रतलाम,30दिसम्बर(खबरबाबा.काम)। स्टेशन रोड पर 27 दिसंबर की रात में चाकू से हमला कर युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने तीसरे दिन खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मामला तात्कालिक विवाद है जिसमें बाईक चलाने की बात पर आरोपियों और मृतक के बीच झगड़ा हुआ जिसमें गुस्साकर आरोपियों ने वारदात को अन्जाम दे दिया। मामले में एक आरोपी अभी फरार है। .
रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम पर एसपी गौरव तिवारी और एएसपी प्रदीप शर्मा ने पत्रकार वार्ता कर हत्याकांड का खुलासा किया । एसपी ने बताया कि स्टेशन रोड पर हुई चाकूबाजी का मामला पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था जिसपर तत्काल जांच शुरु कर दी गई थी। जघन्य एवं सनसनीखेज प्रकृति का आरोप मानकर एसपी और एएसपी के मार्गदर्शन में स्टेशन रोड थाना प्रभारी राजेंद्र वर्मा के नेतृत्व में टीम ने विवेचना शुरु की। टीम ने सबसे पहले ठोस सुराग के रूप में सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई बाईक के माध्यम से आरोपियों का पता लगाया। मुखबिरों से मिली सूचना और मृतक के साथ मौजूद दोस्त नाहरु एवं अफजल से मिली जानकारी के आधार पर यह बात सामने आई कि घटना के कुछ समय पूर्व उनके और आरोपियों के बीच बाईक चलाने के ही दौरान विवाद हुआ था। विवाद के बाद मृतक दोस्तों के साथ स्टेशन रोड की ओर निकल गया। हालांकि आरोपियों ने विवाद के बाद भी गुस्सा रखा और पीछा करते हुए स्टेशन रोड पहुंच गए।
दो बाईक पर थे 5 आरोपी…
एसपी ने बताया कि आरोपी दो अलग-अलग बाईक पर सवार थे। एक बाईक पर 3 और दूसरी पर 2। इन्होंने स्टेशन रोड पर मृतक और दोस्तों को रुकने के लिए आवाज लगाई। आवाज आते ही बाईक चला रहे दोस्त ने जैसे ही रफ्तार कम की वैसे ही आरोपियों ने लात मारकर उन्हें गिरा दिया। इसी बीच दो आरोपियों ने मृतक इफराज को पकड़ा और एक ने अपनी जेब में रखा चाकू निकालकर उसपर वार कर दिए। वारदात करते ही आरोपी वहां से भाग भी निकले। दोस्तों ने मृतक को ऑटो से अस्पताल पहुंचवाया था। पुलिस के अनुसार केवल तात्कालिक विवाद के कारण घटनाक्रम हुआ आरोपी और मृतक तथा उसके साथी पहले से एक दूसरे को नहीं जानते थे।
सभी आरोपियों पर पहले से हैं प्रकरण…
एसपी श्री तिवारी ने बताया कि आरोपी नितिन पिता विजय 29, , आकाश पिता राजेश , हिमांशु पिता सतीश , राकेश पिता बहादुर , गोलू पिता राजेंद्र हैं। इन सभी आरोपियों पर पहले से थानों में अलग-अलग अपराधों में प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी गोलू पर 307 के तहत पहले भी प्रकरण दर्ज हो चुका है।
टीम ने किया खुलासा, बाईक भी की जब्त…
थाना प्रभारी राजेंद्र वर्मा, अय्यूब खान, दिलीप राजौरिया, ईशाक खान, युसुफ मंसूरी, सुशील त्यागी, मुकेश सिंह चौहान, ज्ञानेंद्र सिंह चौहान, हिम्मत सिंह, धीरज सोलंकी, महेंद्र, विजय शेखावत, वीरेंद्र वंदेवार व टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ वारदात में प्रयुक्त की गई हीरो इसप्लेंडर और होंडा शाईन तथा खटकेदार चाकू भी बरामद कर लिया है।
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *