रतलाम,24 जनवरी(खबरबाबा.काम)। गुरुवार को जावरा के आश्रय गृह से भागी पांच बालिकाओं के मामले में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जावरा एसडीएम को जांच के निर्देश दिए हैं । हालांकि पांचों बालिकाएं गुरुवार शाम को सही सलामत मंदसौर से बरामद कर ली गई है।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बताया कि बालिकाओं के भागने के मामले की जांच जावरा एसडीएम करेंगे। जावरा एसडीएम बालिकाओं के आश्रय गृह से इस तरह जाने के कारणों का पता लगाएंगे और अन्य बालिकाओं से भी आश्रय गृह के संबंध में जानकारी लेंगे।
ज्ञातव्य है कि जावरा में कुन्दन वेलफेअर सोसायटी द्वारा संचालित कुन्दन कुटीर में पिछले दिनों रेस्क्यू करके लाई गई पांच बालिकाएं आज सुबह शौचालय के वेन्टीलेटर की जालियां तोड कर भाग गई गई थी। भागी हुई बालिकाओं में तीन बालिकाएं 17 वर्ष आयु की थी,जबकि एक पन्द्रह वर्ष की और एक बालिका दस वर्ष की थी। बालिकाओं के भागने की खबर मिलते ही कुन्दन कुटीर के कर्मचारी और संस्था के सदस्य सकते में आ गए। उन्होने अपने स्तर पर बालिकाओं को ढूंढने का प्रयास किया,लेकिन जब उनका पता नहीं चला तो घटना की सूचना पुलिस को दी गई। बालिकाओं के भागने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अपने सूचना तंत्र को सक्रिय किया।
एसपी गौरव तिवारी ने बताया कि फरार बालिकाओं को मन्दसौर से बरामद कर लिया गया है। उन्हे पुलिस अभिरक्षा में जावरा लाया गया है।
जावरा आश्रय गृह से बालिकाओं के भागने का मामला: कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जावरा एसडीम को दिए जांच के आदेश, एसडीएम लगाएंगे कारणों का पता
Leave a Comment



