नामली में मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रम का भाजपा करेगी बहिष्कार,तीनों विधायक व सांसद भी नहीं होंगे शामिल

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
रतलाम 21 फरवरी 2019। 22 फरवरी को रतलाम जिले के नामली में प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के मुख्य आतिथ्य में आयोजित जय किसान फसल ऋण माफी योजना के लाभ वितरण कार्यक्रम का रतलाम जिला भाजपा ने बहिष्कार करने की घोषणा की है। रतलाम जिले के तीनों भाजपा विधायक चेतन्य काश्यप, डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, दिलीप मकवाना कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष ठा. राजेन्द्रसिंह लुनेरा के अनुसार सांसद सुधीर गुप्ता व डॉ. चिंतामणी मालवीय, रतलाम जिला पंचायत अध्यक्ष परमेश मईड़ा भी आयोजन में शामिल नहीं होंगे।
भाजपा के लोकसभा मीडिया प्रभारी अरूण राव ने बताया कि रतलाम जिले में हजारों की संख्या में किसानों की फसलें पाला गिरने के कारण नष्ट हुई है। किसानों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए भाजपा का प्रतिनिधि मण्डल मुख्यमंत्री से मुलाकात करना चाहता था, लेकिन सम्मानजनक प्रत्युत्तर नहीं दिया गया। रतलाम जिले में प्रशासन ने जय किसान फसल ऋण माफी योजना के क्रियान्वयन के लिए जो समिति बनाई है, उसमें भी जनप्रतिनिधियों को स्थान नहीं दिया गया है। वास्तव में सरकार केवल किसानों की कर्ज माफी का दिखावा कर रही है, जबकि पिछली भाजपा प्रदेश सरकार द्वारा भावान्तर योजना के अंतर्गत किसानों को 500 रूपए प्रति क्विंटल के मान से दी जा रही आर्थिक सहायता भी बंद कर दी गई है।
श्री राव ने आरोप लगाया कि किसानों की ऋण माफी के नाम पर सहकारी बैंकों से ऋण लेने वाले किसानों का मात्र 50 प्रतिशत ऋण माफ किया गया है, शेष 50 प्रतिशत ऋण कृषकों के अंशदान से लेना निर्धारित किया है, जो कृषकों व सहकारी आंदोलन को कमजोर करेगा। प्रदेश सरकार ने पूर्व भाजपा सरकार द्वारा स्वीकृत किए गए विकास कार्यों को भी बंद कर दिया है।
श्री राव ने आरोप लगाया कि नामली में आयोजित जय किसान फसल ऋण माफी योजना के लाभ वितरण कार्यक्रम में स्थानीय विधायक की घोर उपेक्षा करने के साथ ही अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने में परम्परागत मापदण्डों का उल्लंघन किया गया। श्री राव ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस सरकार व जिला प्रशासन द्वारा किए गए पक्षपातपूर्ण व्यवहार के विरोध में भाजपा व पार्टी के जनप्रतिनिधियों द्वारा कार्यक्रम का बहिष्कार किया जाएगा।
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *