रतलाम,1जून(खबरबाबा.काम)। शहर में एक बार फिर चेन लुटेरों ने दस्तक दे दी है।शनिवार सुबह औद्योगिक थाना अंतर्गत कस्तूरबा नगर क्षेत्र के विद्या विहार में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने मंदिर से घर लौट रही एक महिला के गले से सोने की चेन झपटने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरा खंगाले ।पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार सैलाना निवासी साधना पति पूनमचंद मांडोत शनिवार को रतलाम में विद्या विहार कॉलोनी निवासी अपनी मां के यहां आई हुई थी । शनिवार सुबह श्रीमती साधना दर्शन करने जैनालय गई थी और करीब 9:00 बजे वहां से घर लौट रही थी।घर के पास ही अचानक बाइक पर सवार दो बदमाश आए और उन्होंने श्रीमती साधना के गले से चेन झपटने का प्रयास किया।अचानक हुए घटनाक्रम से श्रीमती साधना चौक गई । उन्होंने शोर मचाना शुरू किया, जिसके बाद बदमाश मौके से भाग गए।हालांकि बदमाश चेन ले जाने में सफल नहीं हो पाए। चेन टूट कर गिर गई।घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। पुलिस को दो संदिग्ध नजर आ रहे हैं,जिनकी तलाश की जा रही है।

कस्तुरबा नगर क्षेत्र में मंदिर से घर जा रही महिला के गले से सोने की चेन झपटने की घटना, चेन टूट कर नीचे गिरी, बाइक सवार बदमाशों की तलाश कर रही पुलिस
Leave a Comment



