जनसुनवाई में 87 आवेदकों ने आवेदन दिए विभागों के माध्यम से निराकरण के निर्देश

indresh98kumar@gmail.com
7 Min Read

रतलाम 25 जून 2019/कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रति मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई के तहत इस बार 87 आवेदकों ने अपनी समस्याओं को आवेदन पत्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। अपर कलेक्टर सुश्री निशा डामोर एवं डिप्टी कलेक्टर सुश्री शिराली जैन ने आवेदकों की समस्याएं सुनी और संबंधित विभागों के माध्यम से इन समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।

मोहन नगर रतलाम निवासी भगवंती बाई ने अपने आवेदन में बताया कि वे मोहन नगर में निवासरत है। उनके पति का निधन हो चुका है। घर में छोटे-छोटे बच्चे हैं और रहने के लिए आवास की समस्या है। आवास योजना का लाभ अभी तक नहीं मिला है इसलिए आवास योजना के तहत लाभ प्रदान किया जाए। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया।

महेश नगर निवासी रजनी पति देवीलाल ने अपने आवेदन में कहा कि वह अपनी बच्ची के साथ निवासरत है। पति ने उसे छोड़ दिया है। वह बच्ची का दाखिला संत मीरा स्कूल में करवाना चाहती है लेकिन फीस भरने में असमर्थ है। स्कूल प्रबंधन द्वारा प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। इस संबंध में फीस माफ करते हुए प्रवेश दिलवाने का निवेदन किया गया। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि उक्त बच्ची का प्रवेश आरटीई के तहत संबंधित विद्यालय में करवाने की कार्रवाई करें।

तिरुपति नगर निवासी दिनेश पिता बाबूलाल ने साईं श्री साईं एकेडमी स्कूल रतलाम में पहली से आठवीं तक निरंतर अध्ययनरत छात्रा को कक्षा 9 वी में निशुल्क अध्ययन करवाने संबंधी आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि उनकी दो पुत्रियां हैं और वह ग्रीन कार्ड धारी हैं। विद्यालय में बच्ची आठवीं तक निरंतर रूप से अध्ययनरत रही है और ग्रेड में उत्तीर्ण हुई है। स्कूल के प्राचार्य द्वारा कक्षा 9वी में पुत्री की फीस की मांग की जा रही है। बच्ची को विद्यालय में निशुल्क पढ़ाने के लिए आदेशित करने की कृपा करें। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को प्रवेश की कार्रवाई करवाने के निर्देश दिए गए।

कालिका माता परिसर रतलाम निवासी प्रेम कुमार पति लालसिंह ने गरीबी रेखा राशन कार्ड के तहत पात्रता पर्ची विगत एक साल से नहीं मिलने संबंधी शिकायत की। इस संबंध में जिला आपूर्ति अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।

कांताबाई पति कालूलाल निवासी सेमलिया ने खेत के सहारे बनी कच्ची नाली में पड़ोसी द्वारा शौचालय का पानी डालने संबंधी शिकायत की। उन्होंने संबंधित पड़ोसियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उक्त पानी की निकासी रोकने संबंधी आवेदन दिया। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।

ग्राम सुरजापुर दंतोड़िया, तहसील रतलाम के किसान बाबूलाल पिता भेरु मेडा ने अपने आवेदन में बताया कि उन्होंने प्रीतम नगर सेवा सहकारी संस्था से 16 हजार का ऋण लिया था जो 20 हजार का हो गया है। उनका कर्जा माफ नहीं हुआ है। समिति से कर्जा माफ करवाया जाए। इस संबंध में संबंधित संस्था के अधिकारी को कर्ज माफी हेतु आवश्यक कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया।

कालू पिता सोहन डोडियार ग्राम हरतल रावटी ने राजस्व क्षेत्र की निजी भूमि में वन विभाग का पट्टा निरस्त करने संबंधी आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि राजस्व क्षेत्र की भूमि पर वन विभाग द्वारा पट्टा दिया गया है जिसे निरस्त किया जाए। इस संबंध में सैलाना एसडीएम एवं वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।

नगर परिषद ताल द्वारा चंद्रशेखर आजाद मार्ग एवं मुखर्जी नगर सदर बाजार की दुकानों के आवंटन एवं नामांतरण संबंधी आवेदन वरुण कुमार शांतिलाल ने प्रस्तुत किया। इस संबंध में नामांतरण संबंधी कार्रवाई हेतु सीएमओ को निर्देशित करते हुए कहा गया कि दोनों पक्षों की सुनवाई कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

सैलाना निवासी श्रीमती दुर्गा पंवार ने पति की मृत्यु उपरांत अनुकंपा नियुक्ति हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। इस संबंध में शिक्षा विभाग को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।

मकसूदा पति मोहम्मद इलियास निवासी काजीपुरा रतलाम ने पुत्र द्वारा मकान पर कब्जा करने वह भरण पोषण हेतु खर्चा नहीं देने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी रतलाम शहर को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

शेरानीपुरा निवासी इमरान खान पिता हाशिम खान शेरानी ने शहर सराय हाशिम भाई की चाल स्थित भवन को जनहानि होने से बचाने के लिए प्रशासनिक अमले के साथ गिराए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि उनकी मालकी का यह मकान काफी पुराना और जीर्ण शीर्ण है। कभी भी गिरकर यहां जन हानि हो सकती है। इसमें किराएदार निवास करते हैं जो खाली नहीं कर रहे हैं। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त को वर्षा पूर्व कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पिपलोदा जनपद शिक्षा केंद्र के विकासखंड स्त्रोत समन्वयक अर्जुन सिंह राठौर ने अपने आवेदन में पिपलोदा ब्लॉक के विद्यालयों के शैक्षणिक स्तर पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि पिपलोदा ब्लाक के विद्यालयों के शैक्षणिक स्तर के विषय में पूर्व में भी आवेदन दिया गया जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्र में संबंधित अधिकारियों द्वारा निरीक्षण नहीं किया जाता है और जो कार्य करता है उसकी उपेक्षा की जाती है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान नामांतरण,सीमांकन, आपसी विवाद, प्रधानमंत्री आवास,गरीबी रेखा में नाम जुड़वाने, राशन कार्ड पर्ची बनवाने, अतिक्रमण हटाने संबंधी समस्याओं के आवेदन प्रस्तुत किए गए जिनका निराकरण करने के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *