जल सहेजने के लिए वैज्ञानिक ढंग से एक्शन प्लान बनाया जाएगा केंद्र से आए नोडल अधिकारी श्री प्रवीण गर्ग ने जल शक्ति अभियान की बैठक ली

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read

रतलाम 09 जुलाई 2019/जल शक्ति अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए वैज्ञानिक ढंग से एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा। पानी की प्रत्येक बूंद को सहेजने के लिए सभी विभागों को मिलकर कार्य करना होगा। यह निर्देश केंद्र से आए जल शक्ति अभियान के जिला नोडल अधिकारी वरिष्ठ आईएएस श्री प्रवीण गर्ग ने कलेक्टोरेट में आयोजित बैठक में दिए। इस बैठक में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान तथा अन्य सभी अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में श्री गर्ग ने जिला पंचायत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, ग्रामीण यांत्रिकी, सेवा नगर निगम रतलाम, जल संसाधन तथा कृषि विभाग द्वारा जल संरचनाओं के निर्माण एवं संरक्षण की दिशा में किए गए कार्यों का प्रेजेंटेशन देखा। जिले की औसत वर्षा, वाटर शेड कार्यों तथा विकासखंड वार जल स्तर की जानकारी प्राप्त की, फ्लोराइड प्रभावित ग्रामों में कार्य योजना से अवगत हुए, वृक्षारोपण की जानकारी प्राप्त की। श्री गर्ग ने निर्देश दिए कि जनशक्ति अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक है कि जिले में जिन स्थानों पर पूर्व में जल सहेजने का कार्य हुआ है उसकी मैपिंग की जाए। पूर्व में किए गए कार्यों के क्या परिणाम आए हैं, किसानों को कितना फायदा हुआ है, जल पुनर्भरण की स्थिति क्या है, इसकी टाइम सीरीज और बेंचमार्क के आधार पर नवीन कार्य योजना तैयार की जानी चाहिए। जल संरक्षण के पुराने कार्यों के पश्चात आज की स्थिति में मिट्टी की मैपिंग भी की जानी चाहिए। यह देखें कि उन क्षेत्रों में भूजल स्तर की क्या स्थिति है। रतलाम नगर के संदर्भ में नगर निगम द्वारा रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के लिए सही एक्शन प्लान तैयार किया जाना बहुत जरूरी है। नगर में वृक्षारोपण महत्वपूर्ण है परंतु इसका 5 वर्षीय प्लान तैयार करके देखरेख की जानी चाहिए। पौधे दीर्घायु हो यह बहुत जरूरी है।

बैठक में श्री गर्ग ने कहा कि वह इस माह के अंत में संभवतः पुनः आकर अभियान की समीक्षा करेंगे। बैठक में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान तथा विभागीय अधिकारियों द्वारा जिले में किए गए जल संरचनाओं के निर्माण कार्यों और जल पुनर्भरण कार्यों की जानकारी दी गई।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *