रतलाम: इंसानियत हुई शर्मसार,सर्द मौसम में सड़क किनारे कचरे के ढेर के पास रोते हुए लावारिस हालत में मिली नवजात

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read

रतलाम,20नवम्बर(खबरबाबा.काम)/ शहर के डाट की पुल क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक नवजात बालिका लावारिस हालत में मिली। अज्ञात व्यक्ति एक नवजात बालिका को बुधवार सुबह डाट की पुल रेलवे कॉलोनी रोड नंबर 5 पर सड़क किनारे कचरे के ढेर के पास निर्वस्त्र अवस्था में छोड गया। बालिका को रोता देख एक व्यक्ति ने चाइल्डलाइन को सूचना दी। चाइल्ड लाइन टीम ने पुलिस के माध्यम से उसे एमसीएच स्थित नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई ले जाकर भर्ती करवाया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार सर्दी के मौसम में बुधवार सुबह करीब आठ बजे डाट की पुल क्षेत्र में सड़क किनारे कचरे के ढेर के समीप बच्चे के रोने की आवाज आ रही थी और उसके आसपास कुत्ते भौंक रहे थे। तभी वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति की बालिका पर नजर पड़ी, उसने तत्काल जीआरपी पुलिस चौकी और चाइल्डलाइन को सूचना दी। सूचना मिलने पर चाइल्ड लाइन के टीम मेंबर मौके और रेलवे पुलिस चौकी से प्रधान आरक्षक मांगू सिंह यादव मौके पर पहुंचे। चाइल्ड लाइन के प्रेम चौधरी ने बताया कि बालिका को अस्पताल ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस पर फोन किया गया लेकिन फोन वेटिंग पर होने पर संपर्क नहीं हो पाया। बालिका के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था और सर्दी का मौसम होने से वहां कांप रही थी तथा उसकी सांसे चल रही थी। उसकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे तत्काल बाइक से ले जाने का निर्णय लिया। चाइल्ड लाइन के टीम मेम्बर मनोहर पाटीदार और आशीष देवड़ा बाइक पर बालिका को लेकर अस्पताल पहुंचे और भर्ती करवाया। एमसीएच स्थित शिशु गहन चिकित्सा इकाई में बालिका का इलाज चल रहा है और चिकित्सक बालिका के स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए हैं। श्री चौधरी ने बताया कि डॉक्टरों के अनुसार बालिका का जन्म मिलने के कुछ घंटे पूर्व ही हुआ था।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *