घटला ब्रिज हादसा: “मेरी आंखों के सामने तीनों आग में झुलस गए और मैं कुछ नहीं कर सका” हादसे के बाद ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाने वाले मिर्ची व्यापारी ने बताया पूरा घटनाक्रम

indresh98kumar@gmail.com
5 Min Read

रतलाम,30दिसम्बर(खबरबाबा.काम)/ “मैं तो गहरी नींद में ट्रक में ड्राइवर सीट के पीछे सोया हुआ था। अचानक जोरदार का झटका लगा और ट्रक के केबिन से टकराने से नींद खुल गई। देखा तो ट्रक का कांच फूटा हुआ था। ताबड़तौैड़ टूटे हुए शीशे से नीचे की ओर कूदा वैसे ही ट्रक में नीचे से ऐसी आग लगी कि कुछ ही पल में पूरा ट्रक आग की तेज लपटों से घिर गया। मैंने ट्रक में सवार तीनों को बचाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहा। और आंखों के सामने ही तीनों की आग में जल जाने से मौत हो गई।”
बीती रात घटला ब्रिज पर हुई वाहन दुर्घटना और आगजनी में ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाने वाले मिर्ची व्यापारी की आंखों में हादसे का हाल बताते हुए आंसू आ गए। हादसे में तीन लोग ज़िंदा जल गए । खरगोन के रहने वाले व्यापारी ने अपना नाम मुर्तजा खान पिता गुलाम मुस्तफा बताया। बताया कि वह और असलम खां मिर्ची का व्यापार करते है।
मुर्तजा ने बताया कि ट्रक में मिर्ची भरकर रात नौ बजे के लगभग हम खरगोन से निकले। ट्रक में चालक और एक अन्य सहायक चालक के अलावा मैं ओर असलम खां थे। खरगोन से हम सही सलामत निकले। मैं चालक सीट के पीछे जाकर सो गया। नींद में पता ही नहीं चला कि हम रतलाम पहुंच गए। वह तो अचानक जोरदार का झटका लगा और मैं नींद में ही केबिन से टकराया जिससे मेरी नींद टूटी। देखा तो ट्रक का कांच टूटा हुआ था। बिना कोई समय गंवाये मैंने टूटे हुए कांच से ट्रक से नीचे छलांग दी। नीचे कूदा ही था कि अचानक ट्रक के नीचे से आग लग गई। मैं कुछ समझ भी नहीं पाया कि इतने में आग ने विकारल रूप लेकर पूरे ट्रक को अपने चपेट में ले लिया।
मुर्तुजा इस घटना से काफी हताहत हुआ है। उसने रुदनभरी आवाज से कहा कि ट्रक में सवार तीनों को बचाने की कोशिश की लेकिन मैं नाकाम रहा और देखते ही ये तीनों आग की लपेटों में जल गए। उसने बताया कि कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। फायरब्रिगेड की दमकल भी मौके पर पहुंचती तब तक तो आग की लपटे काफी तेज हो चुकी थी। मुर्तजा ने बताया कि वह असलम खां दोनों मिर्ची का धंधा करते है और रात में भी हम मिर्ची लेकर बेचने के लिए राजस्थान के अजमेर की ओर जा रहे थे। दो अन्य मृतकों के बारे में पूछा तो उसने बताया कि वे दोनों ट्रक चालक और सहचालक थे। उनके नाम पत्ते उसे नहीं मालुम। दोनों एक दूसरे को रमेश और भास्कर नाम से पुकार रहे थे। उसने बताया कि ट्रक खरगोन जिले के बिस्टान के रमेश की है।
बताते हैं कि देररात 2 बजे के लगभग फायरब्रिगेड को सूचना मिलते ही दमकल मौके पर पहुंची और ट्रकों की आग बुझाई। बताया जा रहा हैं कि आयशर ट्रक मिर्ची भरा था जो खरगोन से अजमेर की ओ जा रहा था जिसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बालबाल बच गया है। यह ट्रक रतलाम के निकट घटला ब्रिज पर पहुंचा था कि अचानक रोड डिवाइडर से टकराकर असंतुलित हो गया और इंदौर की ओर जा रहे ट्रक से जा टकराया। यह ट्रक मार्बल से भरा था। दोनों वाहनों के बीच टक्कर होन के बाद ऐसी आग लगी कि ट्रक में आग लग गई। ट्रक में आग लगने की सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंच चुकी थी। ट्रक से आग बुझाने के बाद तीनों मृतकों के शव का पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *