विराट ने 29 गेंदों पर ठोके 70 रन, जीत से अनुष्का को दिया मैरिज एनिवर्सरी गिफ्ट

indresh98kumar@gmail.com
5 Min Read

खेल समाचार,12दिसम्बर2019/ टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने बुधवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे और निर्णायक टी-20 मैच में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों पर नाबाद 70 रन ठोक डाले. विराट की इस विस्फोटक पारी में 7 छक्के और 4 चौके शामिल रहे. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 241.37 का रहा.
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में कप्तान विराट कोहली की ऐसे धमाकेदार बल्लेबाजी देखकर हर कोई हैरान रह गया. इस मैच में विराट की इस पारी ने मैच का रुख ही बदल दिया. चौथे नंबर पर उतरे विराट कोहली ने विंडीज के हर गेंदबाज को निशाना बनाया और उनके परखच्चे उड़ाने शुरू कर दिए. सही मायने में विराट की इसी पारी ने टीम इंडिया का स्कोर 240 रनों तक पहुंचाया.
कोहली ने अनुष्का को दिया वेडिंग एनिवर्सरी का गिफ्ट
भारत के 241 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य के जवाब में विंडीज की टीम 173 रन ही बना पाई और विराट कोहली ने शानदार जीत के साथ अनुष्का शर्मा को वेडिंग एनिवर्सरी का गिफ्ट दे दिया. बता दें कि टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने बुधवार 11 दिसंबर को अपनी दूसरी वेडिंग एनिवर्सरी मनाई. इस स्पेशल ओकेजन पर टीम इंडिया की वेस्टइंडीज पर सीरीज जीत से विराट और अनुष्का की वेडिंग एनिवर्सरी का जश्न दोगुना हो गया.
विराट और अनुष्का की शादी 11 दिसंबर 2017 को इटली में बहुत ही गुपचुप तरीके से हुई थी. शादी की पहली तस्वीर सामने आने के बाद फैंस काफी सरप्राइज हो गए थे. इटली के टस्कनी में खूबसूरत लोकेशन पर दोनों की शादी किसी फेयरीटेल से कम नहीं थी. आज भी उनकी वेडिंग फोटोज लोगों के बीच काफी फ्रेश और पॉपुलर हैं.
सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल (91), रोहित शर्मा (71) और कप्तान विराट कोहली (नाबाद 70) रनों की पारी के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज के सामने 241 रनों की चुनौती रखी. इन तीनों की तूफानी पारियों के दम पर भारत ने 20 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 240 रन बनाए जो उसका टी-20 में तीसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है.
विंडीज के कप्तान कीरोन पोलार्ड का टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला मेहमान टीम को भारी पड़ गया. मुंबई इंडियंस के कप्तान और स्थानीय खिलाड़ी रोहित ने अपने साथी राहुल के साथ मिलकर विंडीज के गेंदबाजों के परखच्चे उड़ाने शुरू कर दिए. इन दोनों ने पावर प्ले के छह ओवरों में ही 12 की औसत से बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर 72 कर दिया.
पावर प्ले के बाद यह दोनों और ज्यादा हावी हो गए और आठ ओवरों की समाप्ति पर टीम को 100 के पार पहुंचा दिया. रोहित और राहुल दोनों विंडीज के हर गेंदबाज को निशाना बना रहे थे. राहुल को केसरिक विलियम्स ने आउट किया. वह हेडन वॉल्श के हाथों लपके गए. आउट होने से पहले रोहित ने राहुल के साथ पहले विकेट के लिए 135 रनों की साझेदारी की.
और फिर कोहली का आया तूफान
इस बार कोहली ने फिर तीसरे नंबर पर प्रयोग किया और ऋषभ पंत को बल्लेबाजी के लिए भेजा. पंत, पूरी कोशिश के बाद भी पिछले मैच में इस नंबर पर उतरे शिवम दुबे की सफलता को दोहरा नहीं पाए और पोलार्ड ने उन्हें जेसन होल्डर के हाथों कैच आउट कराया.
फिर कोहली और राहुल ने एक्सीलेटर पर पैर रखा. कोहली ने महज 21 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया. राहुल और कोहली ने 95 रनों की साझेदारी की. राहुल टी-20 में अपने तीसरे शतक से चूक गए और 233 के कुल स्कोर पर शेल्डन कॉटरेल की गेंद पर आउट हो गए. राहुल ने 56 गेंदों का सामना कर नौ चौके और चार छक्के लगाए. कोहली ने आखिरी गेंद पर छक्का लगा अपनी टीम को 240 का स्कोर प्रदान किया. कोहली ने अपनी नाबाद पारी में 29 गेंदों का सामना कर सात छक्के और चार चौके मारे.
(साभार-आज तक)

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *