जिला स्तरीय इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी का समापन हुआ

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read

रतलाम 6 जनवरी 2020/ जिले के शिक्षक मनोयोग के साथ विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें ताकि हमारे जिले से अधिकाधिक वैज्ञानिक प्रतिभाएं आगे आए, जो आगे चलकर जिले, राज्य, देश और अपने माता-पिता का नाम रोशन करेंगे। यह उद्गार विधायक आलोट श्री मनोज चावला ने रतलाम में जिला स्तरीय इंस्पायर अवार्ड मानक प्रदर्शनी के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री डी.पी. धाकड़ तथा आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज के प्राचार्य श्री संजय वाते मौजूद थे।
जिला स्तरीय इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी से जिले के 24 विद्यार्थियों के विज्ञान मॉडल चयनित किए गए जो आगामी 16, 17, 18 जनवरी में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। कार्यक्रम में बोलते हुए विधायक श्री चावला ने कहा कि मेहनत और ईमानदारी का नतीजा हमेशा अच्छा होता है। शिक्षक मेहनत के साथ वैज्ञानिक प्रतिभाओं को आगे लाएं। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री डी.पी. धाकड़ ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में प्रतिभा होती है, जरूरत उसे निखारने की होती है यह शिक्षक के हाथ में है। प्राचार्य श्री संजय वाते ने कहा कि बच्चों में जिज्ञासा का भाव होना चाहिए, खासतौर पर वैज्ञानिक प्रयोगों के प्रति विद्यार्थी में ललक होना चाहिए। यह खुशी की बात है कि रतलाम जिले में शिक्षक बाल प्रतिभाओं को निखारने में रुचि लेकर कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में सहायक संचालक श्री लक्ष्मणसिंह देवड़ा ने भी उद्बोधन दिया। जिला स्तरीय प्रदर्शनी से चयनित 24 विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र तथा प्रतीक चिन्ह प्रदान किए गए। उन्हें आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए मार्गदर्शन भी दिया गया। कार्यक्रम प्रतिवेदन का वाचन श्री अशोक लोढा ने किया। इस अवसर पर श्री जितेंद्र जोशी, श्री सी.एल. सालित्रा, श्री आर.एन.केरावत श्री गिरीश सरस्वत, श्री गजेंद्रसिंह राठौर भी मौजूद रहे। इसके पूर्व जिले के अन्य स्थानों से आए विद्यार्थियों द्वारा 4 जनवरी की रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों को देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन पर आधारित फिल्म भी दिखाई गई।
इस दौरान श्री श्याम पुरोहित, श्री समरथ भूरिया, श्री आर. सी. मईडा भी उपस्थित थे। जिला स्तरीय प्रदर्शनी में जिले से गत वर्ष नेशनल स्तर पर पहुंचे विद्यार्थी निशा राठौर एवं काव्य जैन का कॉर्नर भी लगाया गया था इसमें उनके द्वारा बनाए मॉडल की विस्तृत जानकारी दी गई थी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *