नगर निगम परिसर में भी स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा कैंटीन संचालित किया जाएगा,शहर में 1 करोड़ की लागत से होगें पैचवर्क कार्य, समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश

indresh98kumar@gmail.com
4 Min Read

रतलाम 10 जनवरी(खबरबाबा.काम)/ नगर निगम परिसर में भी स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा कैंटीन संचालित किया जाएगा। यह महिलाएं राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत गठित स्वसहायता समूहों की होंगी। इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शुक्रवार को बैठक लेते हुए दिशा-निर्देश निगमायुक्त को दिए। बैठक में उपायुक्त नगर निगम सुश्री तपस्या परिहार तथा नगर निगम के इंजीनियर, अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने कहा कि जिला पंचायत की तर्ज पर निगम परिसर में भी समूह की महिलाएं स्वल्पाहार कैंटीन संचालित करेगी। लगभग 30 की संख्या में महिलाओं द्वारा यहां कार्य किया जाएगा, इसके लिए उन्हें निगम परिसर में सुरक्षित शेड उपलब्ध कराया जाएगा।
निगमकर्मियों की बैठक व्यवस्था हेतु बैंकों की स्टाइल में फर्नीचर लगाया जाएगा
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि नगर निगम में अधिकारियों, कर्मचारियों की समुचित बैठक व्यवस्था की जाना आवश्यक है, इसके लिए नवीन फर्नीचर का इंतजाम किया जाए। यह व्यवस्था बैंकों की फर्नीचर स्टाइल में होगा। इसके साथ ही कलेक्टर द्वारा निगम के ड्राइवर्स, मजदूरों के लिए रेस्ट एरिया चिन्हांकित कर आवश्यक व्यवस्था करने, साथ ही रिटायरिंग रूम निर्माण के भी निर्देश दिए। आंचल कक्ष निर्माण भी किया जाएगा। कलेक्टर से मिलने आए निगम के सफाईकर्मियों की मांग पर उनको गर्म स्वेटर उपलब्ध कराने के निर्देश भी निगमायुक्त को दिए गए।
खंभों पर कलर एलईडी
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने बैठक में निर्देश दिए कि शहर में लाइटिंग सेंट्रल पोल्स पर कलर एलईडी लगवाए जाएं, इसके लिए टेंडर की कार्रवाई की जा रही है।
जैविक खाद संयंत्र शिफ्टिंग
कलेक्टर ने बैठक में निर्देश दिए कि कालिका माता परिसर स्थित नगर निगम द्वारा संचालित जैविक खाद संयंत्र से दुर्गंध आने के कारण उसे अन्यत्र शिफ्ट किया जाए। इसके लिए त्रिवेणी के समीप स्थान तय किया गया।
श्वान बंध्याकरण एवं वैक्सीनेशन केंद्र बनेगा
बैठक में बताया गया कि शहर में श्वानों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर नगर निगम द्वारा ट्रेंचिंग ग्राउंड जुलवानिया के समीप श्वान बंध्याकरण एवं वैक्सीनेशन सेंटर बनाए जाएगा, जहां पर बंध्याकरण के साथ श्वानों को बीमारियों के विरुद्ध टीके भी लगवाए जाएंगे। कलेक्टर के निर्देश पर आगामी 14 जनवरी तक उक्त सेंटर का स्टीमेट तैयार करके 16 जनवरी तक टेंडर जारी कर दिए जाएंगे।
दो नवीन पेयजल टैंकर एवं बेक हो लोडर मशीन
बैठक में बताया गया कि नगर निगम को शीघ्र ही दो नवीन पेयजल टैंकर प्राप्त होंगे जिनकी क्षमता 12-12 हजार लीटर की होगी। इसके साथ ही 2 जेसीबी (बेक हो लोडर) मशीनें भी प्राप्त होने वाली है। उक्त कार्य के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं।
शहर में 1 करोड रुपए का पैच वर्क कार्य किया जाएगा
बताया गया कि नगर निगम द्वारा शहर में शीघ्र ही सड़कों के पेच वर्क कार्य किए जाने वाले हैं। लगभग 1 करोड रुपए की लागत से किए जाने वाले पैच वर्क कार्य के लिए योजना तैयार कर ली गई है। इसके अलावा शहर में सौंदर्यीकरण के लिए भी स्थान चिन्हांकन की कार्रवाई जारी है, साथ ही कार्य भी किए जा रहे हैं।
सिटी बसों के लिए बस स्टॉप निर्माण
बैठक में सूत्र सेवा सिटी बस के तहत शहर के विभिन्न स्थानों पर निर्मित किए जाने वाले बस स्टॉप निर्माण पर भी चर्चा की गई। बताया गया कि शहर तथा आसपास में लगभग 30 से 40 स्थानों पर बस स्टॉप निर्मित किए जाएंगे, इसके लिए 13 जनवरी को टेंडर जारी होंगे। यह भी बताया गया कि कालिका माता परिसर में मंच के पीछे चिल्ड्रन ट्रेफिक पार्क भी बनाया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *