भोपाल, 17जनवरी2020/ पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के भोपाल दौरे के दौरान गुरुवार रात हुए डिनर ने सूबे की सियासत में सरगर्मी पैदा कर दी है। डिनर पार्टी के दौरान प्रदेश के कई विधायक और मंत्री इसमें शामिल हुए, जहां पूर्व मंत्री सिंधिया सभी से हल्के-फुल्के अंदाज में मिले। हालांकि मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इस डिनर में शामिल नहीं हो सके, जिसको लेकर भी चर्चा चलती रही।
पूर्व मंत्री सिंधिया के भोपाल दौरे के अवसर पर उनके सम्मान में गुरुवार रात को परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के निवास पर डिनर पार्टी का आयोजन किया गया। डिनर में सिंधिया के कई समर्थक, कांग्रेस विधायक ,कैबिनेट मंत्री के साथ साथ निर्दलीय और बसपा विधायक भी शामिल हुए।कांग्रेस अध्यक्ष, राज्यसभा चुनाव और आने वाले नगरीय निकाय चुनाव के पहले हुई इस पार्टी के राजनैतिक तौर पर कई सियासी मायने निकाले जा रहे है और राज्य की सियासत गर्माई हुई है।
सीएम और पूर्व सीएम नहीं हुए शामिल
गुरुवार रात हुए डिनर मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, आरिफ अकील, सज्जन सिंह वर्मा, जीतू पटवारी सहित अनेक बड़े नेता शामिल नहीं हुए। इस पर मंत्री गोविंद सिंह ने कहा कि निजी काम के कारण ये सभी नेता पार्टी में शामिल नही हो सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में सभी एकजुट हैं।

भूरिया से बोले सिंधिया-कभी झाबुआ बुलाओ
डिनर के दौरान पूर्वमंत्री सिंधिया सभी से हल्के-फूल्के अंदाज में मिले।हंसी ठिठोली भी हुई।इस मौके पर सिंधिया ने वरिष्ठ नेता और झाबूआ विधायक कांतिलाल भूरिया से मजाकिया अंदाज में कहा कि आपने मुझे कभी झाबुआ नहीं बुलाया, अब जल्दी बुलाओ और लोकप्रिय क्षेत्रीय आयटम भी खिलाओ।
इस मुद्दे पर चुप रहे सिंधिया
राजधानी के सियासी माहौल को गर्माने वाले सिंधिया दूसरे दिन कमलनाथ खेमे के मंत्री सुखदेव पांसे के घर पर पहुंचे और उनके साथ प्रदेश के राजनीतिक हालात पर भी चर्चा की।हालांकि अब तक के इस दौरे के दौरान सिंधिया, राज्यसभा सीट के लिए उनकी दावेदारी और पीसीसी चीफ की दौड़ में उनके नाम को लेकर चुप ही रहे, लेकिन दौरे ने सियासी हलचल जरूर पैदा कर दी है।
पूर्व मंत्री सिंधिया के डिनर ने बढाई सियासी सरगर्मी, जानिए विधायक भूरिया से क्या बोले सिंधिया..
Leave a Comment


