विधायक स्वर्गीय श्री ऊंटवाल का जिले के आलोट में राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार,पूर्व मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ,नेता प्रतिपक्ष सहित कई नेता हुए शामिल, अंतिम विदाई देने उमड़ा जनसैलाब

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read

रतलाम,31जनवरी(खबरबाबा.काम)/प्रदेश के आगर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक मनोहर ऊंटवाल का शुक्रवार को जिले के आलोट में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया । श्री ऊंटवाल का गुरुवार को दिल्ली में निधन हो गया था। वे लंबे समय से बीमार चल रह थे ।

उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को 1 बजे आलोट में किया गया । मुखाग्नि उनके बड़े बेटे मनोज ने दी। अंतिम यात्रा में प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव सहित कई विधायक और सांसद शामिल हुए।

अंतिम विदाई देने उमड़ा जनसैलाब
पूर्व सांसद एवं विधायक मनोहर ऊंटवाल की अंतिम यात्रा में उन्हें विदाई देने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। अंतिम यात्रा में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ,नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव , देवास के सांसद महेंद्र सोलंकी ,जावरा विधायक डॉ राजेंद्र पांडे, रतलाम शहर विधायक चेतन काश्यप,रतलाम ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना, पूर्व शिक्षा मंत्री पारस जैन, उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, पूर्व परिवहन मंत्री जगदीश देवड़ा, आलोट विधायक मनोज चावला सहित क्षेत्र के विधायक एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव सहित अन्य नेताओं ने स्वर्गीय श्री ऊंटवाल की पार्थिव देह को कंधा दिया।अंतिम यात्रा आलोट के मुख्य मार्गो से निकली, जहां नम आंखों से सभी ने स्वर्गीय श्री ऊंटवाल को विदाई दी।इस दौरान गोपाल भार्गव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, सांसद उज्जैन अनिल फिरोजिया, विधायक आलोट मनोज चावला, रतलाम चेतन कश्यप, विधायक जावरा राजेंद्र पांडे, विधायक रतलाम ग्रामीण दिलीप मकवाना, पारस जैन, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, एसडीएम चंद्रसिंह सोलंकी, द्वारा पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किए जा कर श्रद्धांजलि दी गई।

1963 में धार जिले के बदनावर में जन्मे मनोहर ऊंटवाल चार बार विधायक और एक बार सांसद रहे ।वह 1988 से 2014 के बीच चार बार विधायक रहे। 1986 में पार्षद का चुनाव जीतकर उन्होंने अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था। 2014 के लोकसभा चुनाव में देवास संसदीय सीट से सांसद थे। 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें आगर-मालवा से टिकट दिया था। मनोहर ऊंटवाल भाजपा के कद्दावर नेता थे। शिवराज मंत्रिमंडल में मंत्री भी रहे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और एक बेटी है।कुछ दिन पहले उन्हें ब्रेन हेमरेज के चलते इंदौर में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद 4 दिन पहले ही उन्हें हालात बिगड़ने पर दिल्ली शिफ्ट किया गया था।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *