नहीं सुलझी मौत की पहेली:फ्लैट में मिले दो शवों के मामले में रविवार दोपहर को एसपी घटना स्थल पर जांच के लिए पहुंचे, नहीं हुआ मौत के कारणों का खुलासा

indresh98kumar@gmail.com
4 Min Read

रतलाम,12जनवरी(खबरबाबा.काम)। स्टेशन रोड थाना क्षैत्र अंतर्गत नेहरु स्टेडियम के सामने स्थित रावटीवाला अपार्टमेन्ट के एक फ्लैट में मिली दो लाशों के मामले में पुलिस की जांच जारी है। अभी तक मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रविवार दोपहर को एसपी गौरव तिवारी ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर जांच की और मृतक के परिजनों से भी चर्चा की।

ज्ञातव्य है कि शनिवार दोपहर को शहर के दो बत्ती क्षेत्र में स्टेशन रोड पुलिस थाने से कुछ दूरी पर स्थित अपार्टमेन्ट के एक फ्लैट में दो व्यक्तियों के शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। स्टेशन रोड थाने पर मृतक के एक परिचित ने सुचना दी थी कि अपार्टमेन्ट के इस फ्लैट का दरवाजा भीतर से बन्द है और फ्लैट मालिक हीरेन्द्र के भीतर होने की आशंका है। मौके पर पंहुचे पुलिस बल ने फ्लैट का दरवाजा तोडा और फ्लैट के भीतर प्रवेश किया। फ्लैट के बाथरुम का दरवाजा भी भीतर से बन्द था। इस दरवाजे को भी तोडा गया। दरवाजा तोडने पर बाथरुम के भीतर हिरेन्द्र (50) और जीतेन्द्र (20) नामक युवक के शव बरामद हुए थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनो ही शवों पर किसी चोट आदि के निशान नहीं पाए गए थे। पुलिस के अनुसार मृतक हीरेन्द्र एक पेट्रोल पंप पर मैनेजर के रूप में कार्यरत था और दूसरा मृतक जितेंद्र भी उसी पेट्रोल पंप पर काम करता था। मृतक हीरेन्द्र की पत्नी और बेटा नडियाद में होने वाले एक विवाह समारोह में गए हुए थे और मृतक हीरेन्द्र भी मृतक जीतेन्द्र के साथ शनिवार सुबह 5 बजे कार से नडियाद जाने वाले थे। हिरेन्द्र की पत्नी सुबह से उसे फोन लगा रही थी। मोबाइल के लगातार नो रिप्लाय होने पर उसकी पत्नी ने हिरेन्द्र के दोस्त डौसी गांव निवासी बृजेश को बताया और घर जाकर देखने को कहा। जितेंद्र के भाई धर्मेंद्र को लेकर बृजेश मृतक हिरेन्द्र के फ्लैट पर पहुंचे। कई बार दरवाजा खटखटाने पर भी जब जवाब नहीं मिला तो उन्होंने दो बत्ती थाने जाकर पुलिस को सूचना दी थी।

कैसे हुई मौत? अभी भी पहेली

रविवार को एसपी गौरव तिवारी घटना वाले फ्लैट पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। एसपी ने मामले को सुलझाने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए। एसपी गौरव तिवारी ने मृतकों के परिजनों से भी जांच से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की। इधर पुलिस से जुड़े सूत्र बताते है कि दोनों की मौत कैसे हुई अभी इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। हालांकि सूत्र बताते है कि शार्ट पीएम रिपोर्ट में शरीर में किसी तरह के जहर या किसी तरह की चोंट के निशान नहीं मिले है, ऐसे में मौत की यह गुत्थी और उलझ गई है। फाइनल पीएम रिर्पोट और जांच के बाद ही इसका खुलासा हो सकेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *