जिले के अपराध समाचार:सर्किल जेल में प्रहरी से अभद्रता कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई

indresh98kumar@gmail.com
5 Min Read

रतलाम,19फरवरी(खबरबाबा.काम)। रतलाम सर्किल जेल परिसर की भोजनशाला में जेल प्रहरी के साथ विचाराधीन कैदी द्वारा अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। जेल प्रहरी के साथ गालीगलौज कर उसे जान से मारने की धमकी देकर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई गई।
सर्किल जेल के आरक्षक प्रहरी हिम्मतसिंह ने स्टेशनरोड थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 फरवरी को फरहान नामक व्यक्ति ने पाकसाल सर्जिल जेल परिसर की भोजनशाला में घुसकर प्रहरी जगदीश के साथ जबरन बदतमीजी कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। आरोप है कि प्रहरी के साथ गालीगलौज कर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। स्टेशनरोड थाना पुलिस ने जेल की भोजनशाला में घुसकर प्रहरी के साथ मारपीट कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में अपराध दर्ज किया।
शराब पीकर दो पक्ष भिड़े
रतलाम। बिलपांक थाने के गांव गुलरीपाड़ा में दारू पीकर परिवार के लोगों के साथ गालीगलौज एवं मारपीट कर धमकी दी गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर अलग-अलग केस दर्ज किया।
गुलरीपाड़ा रहवासी जगदीश बंजारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि कथित राकेश व अन्य पांच लोगों ने दारू पीकर फरियादी व परिवार के लोगों के साथ गालीगलौज एवं मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। इसी मामले में दूसरे पक्ष के फरियादी प्रकाश बंजारा ने प्रहलाद सहित दो अन्य लोगों के खिलाफ भी दारू पीकर फरियादी व परिवार के लोगों के साथ मारपीट कर धमकी देने का अपराध दर्ज कराया। इसी थाना पुलिस ने मूंदड़ी रहवासी महिला की रिपोर्ट पर एक व्यक्ति के खिलाफ अपराध दर्ज किया। आरोप है कि कथित ने महिला के साथ गालीगलौज कर घर की छत के कवेलु तोडफ़ोड़ कर नुकसान किया। उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
ऑटो ने टक्कर मारी, दंपत्ति घायल
रतलाम। आईटीआई के सामने सैलाना रोड पर ऑटो रिक्शा ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे बाइक चालक सहित एक अन्य को चोट आई।
कस्तुरबानगर गृहनिर्माण समिति रहवासी संजयसिंह तंवर पत्नी के साथ मोटर साइकल से जा रहा था कि सैलाना रोड पर आईटीआई के सामने तेजगति से आ रहे ऑटो ने टक्कर मार दी जिससे बाइक चालक संजयसिंह व उसकी पत्नी को चोट आई। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने केस दर्ज किया।
बाइक की टक्कर
बाजना पुलिस ने मांडलिया रहवासी बहादुर की रिपोर्ट पर बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया। झरनिया ऊंकाला में मोटरसाइकल के चालक ने वाहन तेजगति से चलाकर सामने से टक्कर मार दी।
दादागिरी चलने के नाम पर चाकू लेकर रुपए मांगने वाले को जेल भेजा
रतलाम। काजीपुरा रहवासी सिकंदर खॉ पिता शहादत खां (44) ने स्टेशनरोड थाने रिपोर्ट लिखाई थी कि वह वह मोटरसाइकल से अपनी बहन के घर से मिलकर वापस काजीपुरा आ रहा था तभी ऊंकाला रोड नया पूल पर फरहान नामक युवक बाइक के सामने आकर खड़ा हो गया और गालिया देकर धमकाने लगा की रतलाम में मेरी दादागिरी चलती है और इस कारण मंडी मे तेरे साथ काम करने वाले सभी हम्माल मुझे भी हम्माली के रुपयों में रुपए देते हैं बस तू ही नहीं देता है।
फरियादी ने पुलिस को बताया कि ऐसा कह कर उसके साथ झुमाझटकी कर मारपीट की तो वह बाइक से गिर गया। तब कथित ने चाकू निकाल लिया और धमकाया। फरियादी की रिपोर्ट पर स्टेशनरोड थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर उससे एक खटकेदार चाकू जब्त कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से 27 फरवरी तक जेल भेजा गया था। 18 फरवरी को जमानत आवेदन पर सुनवायी हुई जिस पर अभियोजन की ओर सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी चौपसिंह ठाकुर ने जमानत आवेदन पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए थाने की ओर से प्रस्तुत प्रतिवेदन के समर्थन करते हुए आरोपी का जमानत आवेदन निरस्त करने का निवेदन किया, जिस पर से न्यायालय ने अभियोजन के तर्को व प्रतिवेदन से सहमत होते हुए आरोपी का जमानत आवेदन निरस्त किया गया। उक्त जानकारी अभियोजन मीडिया सेल प्रभारी शिव मनावरे ने दी।
सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी सैलाना सुनिलसिंह खेर ने बताया कि तेजजाम पिता कोदर निवासी नाहरपुरा पैर का घुटना तोडऩे पर न्यायिक मजिस्ट्रेट सपना भारती ने बाबू व हकरू नामक युवकों को दोषी पाते हुए एक साल का सश्रम कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया। जानकारी अभियोजन मीडिया सेल प्रभारी शिव मनावरे ने जारी प्रेस बयान में दी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *