फसल ऋण माफी योजना में सैलाना, रावटी, बाजना के 2800 किसान द्वितीय चरण में लाभान्वित होंगे,दूसरे चरण में सैलाना में 2800 तथा ताल में 2267 किसानों को  ऋण माफी का लाभ मिलेगा

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read

रतलाम 10 फरवरी 2020/ जिले के सैलाना रावटी तथा बाजना क्षेत्रों के 2802 किसानों को आगामी 13 फरवरी को जय किसान फसल ऋण माफी योजना के दूसरे चरण के तहत ऋण माफी लाभ मिलने वाला है। इसी तरह ताल तहसील के 2267 किसानों को भी लाभ मिलेगा। इसके लिए ताल तथा सैलाना दोनों स्थानों पर जिले के प्रभारी मंत्री श्री सचिन यादव की उपस्थिति में वृहद कार्यक्रम 13 फरवरी को आयोजित होगा। यह जानकारी सोमवार को संपन्न समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में दी गई। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने योजना के द्वितीय चरण के क्रियान्वयन की समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत संदीप केरकेट्टा, अपर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े तथा जिला अधिकारी उपस्थित थे।

समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्वास्थ्य, उद्यानिकी, नगरिय निकाय विभागों को निर्देशित किया कि उनके यहां 100 दिवस से ज्यादा अवधी की लंबित शिकायतें अधिक हो गई हैं, तत्काल निराकरण करें। जिले में जारी बीपीएल परिवार सत्यापन अभियान की समीक्षा में जनपद बाजना तथा सैलाना के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को एक सप्ताह में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। आगामी समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए किसान पंजीयन केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश उपायुक्त सहकारिता तथा जिला आपूर्ति अधिकारी को दिए गए। जिले में 10 फरवरी से 28 फरवरी तक चना, सरसों तथा मसूर के लिए भी कृषक पंजीयन आरंभ हो चुके हैं। पंजीयन कार्य उन्हीं केंद्रों पर होगा जहां गेहूं उपार्जन के लिए किसानों के पंजीयन किए जा रहे हैं।

कलेक्टर द्वारा जय किसान फसल ऋण माफी योजना के तहत दूसरे चरण में लाभान्वित किए जा रहे किसानों की सूची आगामी दो दिवस में ग्राम पंचायतों में चस्पा करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में जिले से 26 फरवरी को वैष्णो देवी के लिए यात्रा जाएगी, इसमें जिले के 200 तीर्थयात्री सम्मिलित होंगे। यात्रा का लाभ लेने के लिए आवेदन 20 फरवरी तक लिए जा रहे हैं। कलेक्टर द्वारा यात्रा में वृद्धाश्रम रतलाम के वृद्धजनों को भी सम्मिलित करने के निर्देश दिए गए। जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक गांव में नल द्वारा घरों में पेयजल उपलब्ध कराएं जाने के लिए कलेक्टर द्वारा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को निर्देशित किया गया कि इसकी पूर्व कार्य योजना तैयार करें, बताया जाए कि जिले के कितने ऐसे गांव हैं जहां नलों के द्वारा घरों में पेयजल प्राप्त नहीं हो रहा है। नगर निगम आयुक्त को भी शहर में वार्डवार कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *