रतलाम:तीन घंटे में दो हत्याएं, एक मामले में पुराना विवाद तो दूसरे में शादी में नाचने की बात पर हुई घटना, सोमवार सुबह हुआ दोनों शवों का पीएम, आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिशें

indresh98kumar@gmail.com
5 Min Read

रतलाम,24फरवरी(खबरबाबा.काम)। शहर में बीती रात तीन घंटे में हत्या की दो वारदातें हो गई। एक मामले में शादी में नाचने की मामूली सी बात को लेकर ईश्वरनगर में विवाद ऐसा गहराया कि युवक पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। रात में ही पुराने झगड़े की बात को लेकर भी एक अन्य युवक की भी चाकू घौंप कर हत्या कर दी गई। आज सुबह पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपे। पोस्टमार्टम दौरान अस्पताल परिसर में पुलिस अधिकारी भी बल के साथ मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार चाकूबाजी की एक घटना में अब्दुल रशीद उर्फ गुड्डू पिता अब्दुल हमीद खलिफा (40) निवासी सुभाषनगर रेलवे फाटक के पास की हत्या हो गई।
अब्दुल रशीद उर्फ गुड्डू की हत्या के मामले में औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने हाटरोड रहवासी मोहम्मद असलम पिता अब्दुल रशीद की रिपोर्ट पर शोएब उर्फ छोटा उकड़ी निवासी सुभाषनगर तथा एक अन्य साथी के खिलाफ हत्या का मामला धारा 302, 34 भादवि में दर्ज किया है। अब्दुल रशीद उर्फ गुड्डू की हत्या के पीछे कारण पुराना झगड़ा बताया जा रहा है।
फरियादी ने पुलिस को बताया कि पुराने झगड़े की बात को लेकर गुड्डू पर पीएनटी कॉलोनी में चाकू से जानलेवा हमला किया। चाकू से हमला कर हमलावर मौके से भाग निकले। पुलिस ने रात में हमलावरों की तलाश में पुलिस उनके घर के अलावा अन्य जगहों पर भी पहुंची लेकिन हमलावर पकड़ में नहीं आए। पुलिस टीम हमलावरों की धरपकड़ में लगी है। मृतक अब्दुल रशीद उर्फ गुड्डू रात को किसी काम से गांधीनगर गया था। बताया जा रहा हैं कि आठ बजे के लगभग गांधीनगर क्षेत्र से पीएंडटी कॉलोनी होकर मोटरसाइकल से घर जा रहा था तभी रास्ते में मोटरसाइकल खड़ी कर और पैदल कहीं जा रहे था कि तभी पीछे से दो युवक आए और गुड्डू भाई पर चाकू से हमला कर मौके से भाग निकले। बताया जा रहा है कि लोगों ने पीछा भी किया लेकिन चाकू होने से कोई उनके पास नहीं गया। सूचना मिलते ही 108 पर कॉल कर एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल ले गई।
गुड्डू पर हमले की जानकारी मिलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही अजाक डीएसपी विवेकसिंह चौहान, नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत चौहान, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी दीपक मंडलोई, माणकचौक थाना प्रभारी अय्युब खान और स्टेशन रोड थाना प्रभारी आर.के. सिंह तथा बड़ी संख्या में पुलिस दल अस्पताल पहुंचा।
शादी में नाचने की बात पर विवाद, चाकूबाजी में युवक की मौत
उधर, ईश्वरनगर नगर में शादी में नाचने की बात को लेकर तीन-चार युवकों ने एक अन्य युवक से गालीगलौज कर मारपीट की। इनके बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पवन पर चाकू से हमला कर दिया जिससे उसकी भी मौत हो गई। पवन को चाकू लगने से घायल होने पर अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस थाना दीनदयालनगर ने ईश्वरनगर रहवासी राहुल की रिपोर्ट पर पवन पर किए गए जानलेवा हमले के मामले में राहुल, राजेश व विक्की नामक युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने इन चारों की भी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
रात को चाकूबाजी की अलग-अलग घटना में दो युवकों की मौत होने पर दोनों के शव का पोस्टमार्टम आज सुबह जिला अस्पताल में किया गया। पोस्टमार्टम दौरान भी डीएसपी अजाक विवेकसिंह चौहान, नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत चौहान सहित पुलिस बल अस्पताल में मौजूद रहा। पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए।
नहीं मिले हमलावर
रात को अलग-अलग दो जगह हमले में दो युवकों की हत्या के बाद पुलिस रातभर हमलावरों युवकों की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर पहुंची लेकिन पुलिस को हमलावर नहीं मिल पाए। बहरहाल, चूंकि दोनों हत्या के मामले में हमलावरों के नाम सामने आ जाने पर दीनदयालनगर और औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस सरगर्मी से हमलावरों की तलाश में जुटी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *