संकट में MP सरकार?,सिंधिया के रुख पर सभी की नजर, CM कमलनाथ ने बुलाई आपात बैठक

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read

नई दिल्ली, 9 मार्च2020/होली की रंग-अबीर के बीच मध्य प्रदेश में एक बार फिर सियासी संकट पैदा हो गया है. बताया जा रहा है कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक 16 कांग्रेस विधायक बेंगलुरु पहुंच गए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक जो 16 विधायक बेंगलुरु पहुंचे हैं उनमें 6 मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री भी हैं.
6 मंत्री समेत 16 विधायकों के बेंगलुरु पहुंचने की खबर
इससे पहले एक समाचार एजेंसी की रिपोर्ट थी कि सिंधिया 16 विधायकों के साथ लापता हैं. बाद में रिपोर्ट आई कि ये विधायक एक चार्टर प्लेन से बेंगलुरु पहुंचे थे. ताजा रिपोर्ट के मुताबिक अब ज्योतिरादित्य सिंधिया दिल्ली स्थित अपने निवास पहुंच गए हैं. इस बीच खबर है कि एमपी बीजेपी के भी 6 विधायक बेंगलुरु पहुंच गए हैं.
एमपी का ये राजनीतिक घटनाक्रम ऐसे वक्त में सामने आया है, जबकुछ ही दिन बाद राज्यसभा चुनाव होने को हैं. मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार मामूली बहुमत के आधार पर सरकार चला रही है. सीएम कमलनाथ समेत कई नेता आरोप लगा चुके हैं कि बीजेपी उनके विधायकों को खरीदने की कोशिश कर उनकी सरकार गिराना चाहती है.
दिल्ली से भोपाल लौटे कमलनाथ
पीटीआई के मुताबिक सीएम कमलनाथ ने अपना दिल्ली का दौरा बीच में ही खत्म कर दिया है और वे भोपाल लौट आए हैं. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कांग्रेस नेतृत्व ज्योतिरादित्य सिंधिया को मनाने में जुट गई है, और उन्हें मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया जा सकता है.
भोपाल में कांग्रेस की आपात बैठक
आजतक को मिली जानकारी के मुताबिक इस घटनाक्रम के मद्देनजर भोपाल में सीएम कमलनाथ ने आपात बैठक बुलाई है. बैठक में वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और दूसरे मंत्री मौजूद हैं. कमलनाथ को समर्थन करने वाले कई विधायक भी इस बैठक में पहुंच रहे हैं. कमलनाथ के नजदीकी सूत्रों ने बताया है कि मध्य प्रदेश सरकार को कोई खतरा नहीं है.
बीजेपी ने बुलाई विधायक दल की बैठक
कांग्रेस खेमे में हलचल को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी भी सक्रिय हो गई है. होली होने के बावजूद मंगलवार को बीजेपी ने विधायक दल की बैठक बुला ली है. मंगलवार को भोपाल में शाम 7 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक होने वाली है.
(साभार-आज तक)
फोटो-फाइल

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *