भोपाल और इंदौर में हुई घटना को लेकर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पुलिस अधिकारियों की ली आपात बैठक

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read
|

भोपाल,24सितम्बर(खबरबाबा.काम)। भोपाल में हुई ब्लैकमेलिंग की घटना और इंदौर में हुए जघन्य हत्याकांड को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुलिस अधिकारियों की आपात बैठक ली।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पुलिस प्रशासन, ब्लैकमेलिंग की घटनाओं को गंभीरता से लें। कॉलेज परिसर, छात्रावास आदि में विशेष सतर्कता बरती जाए। इस प्रकार की घटनाओं में लिप्त व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। यह सुनिश्चित करें कि कॉलेज और छात्रावासों में अवांछित तत्व प्रवेश नहीं करें।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भोपाल में आईटीआई की छात्रा से ब्लैकमेलिंग की घटना और इस संबंध में की गई कार्यवाही पर पुलिस अधिकारियों की आपात बैठक ली। निवास कार्यालय में सुबह बुलाई गई बैठक में पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर सक्सेना, पुलिस आयुक्त भोपाल मकरंद देउस्कर, कलेक्टर भोपाल अविनाश लवानिया तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ब्लैकमेलिंग की प्रवृत्ति को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएँ। दोषियों के विरूद्ध त्वरित कार्रवाई कर उन्हें दंडित किया जाए।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इंदौर की घटना पर बुलाई आपात बैठक

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में कल बेटी के साथ हुई जघन्य और ह्रदय विदारक घटना पर पुलिस अधिकारियों की आज सुबह आपात बैठक ली। निवास कार्यालय पर हुई बैठक में पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना उपस्थित थे। इंदौर के अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए कि इस जघन्य प्रकरण को चिन्हित अपराध में लेकर जल्द सुनवाई करें और रिकॉर्ड समय में आरोपी को दंडित किया जाए। अपराध के प्रमाण और सीसीटीवी फुटेज आदि उपलब्ध है। आरोपी को ऐसा कठोरतम दंड दिया जाए, जिससे बाकी लोगों में भी भय व्याप्त हो।

मुख्यमंत्री श्री चौहान को पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी द्वारा तत्काल पकड़ लिया गया था।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इंदौर पुलिस को महिलाओं के विररुद्ध अपराधों के मामले में अधिक सजग रहने और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *