
रतलाम,11नवम्बर(खबरबाबा.काम)। आलोट में यूरिया गोदाम का शटर उठाकर किसानों को बंटवाने के मामले में गोदाम इंचार्ज की शिकायत पर आलोट थाना में विधायक मनोज चावला, कांग्रेस नेता योगेंद्र जादौन सहित अन्य पर शासकीय कार्य में बाधा, लूट एवं अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को आलोट में खाद वितरण केंद्र पर लगा डिजिटल सिस्टम फेल होने से किसानों को खाद नहीं मिल पा रहा था। माल गोदाम बंद कर रखा था। जब इस बात की जानकारी आलोट विधायक मनोज चावला को लगी तो वह खाद गोदाम पर पहुंचे। किसानों को यूरिया नहीं मिलने से नाराज होकर विधायक ने स्वयं गोदाम का शटर उठाकर वहां मौजूद किसानों को यूरिया लेने के लिए कहा। विधायक के कहने पर किसान खाद गोदाम के अंदर घुस कर वहां जमी यूरिया खाद की बोरियां उठा कर बाहर लेकर आने लगे। बोरियों को उठाकर ले जाते देख कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। विधायक चावला के कहने पर किसानों ने गोदाम से यूरिया की बोरिया तो निकाली लेकिन विधायक के कहने पर सारी यूरिया बाहर रख दी गई। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पंहुच कर मैन्यूअल तरीके से यूरिया का वितरण कराया। विधायक चावला ने अधिकारियो को जमकर खरी खरी सुनाई।
इस मामले के बाद कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी ने आलोट एडीएम मनीषा वास्कले को आलोट से हटाते हुए रतलाम कलेक्टर कार्यालय स्थानान्तरित कर दिया था और हाल ही में स्थानान्तरित होकर आए डिप्टी कलेक्टर त्रिलोचन गौड को आलोट का एसडीएम बनाया गया है। वहीं एसपी अभिषेक तिवारी ने आलोट थाना प्रभारी बीएस भाबर को भी लाइन अटैच कर दिया है। रात में कलेक्टर और एसपी ने आलोट पहुंचकर घटना की जानकारी भी ली
रात में विधायक पर दर्ज हुआ प्रकरण
इधर गोदाम इंचार्ज भगतराम की शिकायत पर रात में आलोट थाने पर विधायक मनोज चावला, कांग्रेस नेता योगेंद्र जादोन एवं अन्य के खिलाफ धारा 353, 332 और 392 के तहत शासकीय कार्य में बाधा एवं लूट का प्रकरण दर्ज किया गया है।
गोदाम इंचार्ज द्वारा कराई गई रिपोर्ट के अनुसार वह उनके सहयोगी के साथ गुरुवार दोपहर को खाद वितरण का कार्य कर रहे थे। दोपहर 12:30 एफएमएस पोर्टल का सर्वर डाउन होने कारण कार्य में रुकावट आ गई थी। इस वजह से किसानों की भीड़ बढ़ गई। इसके बाद किसानों को ऑफलाइन मोड पर खाद वितरण का कार्य शुरू किया गया। इसी दौरान विधायक मनोज चावला, उनके सहयोगी योगेंद्र जादौन और अन्य मौके पर आए। इन्होंने गोदाम का शटर उठाकर लोगों को कहा कि खाद उठा लो। गोदाम इंचार्ज की रिपोर्ट के अनुसार उनके द्वारा बाद में मेरे द्वारा स्टाक मिलान किया गया तो खाद की बोरीया आ कम पाई गई। इसके बाद गोदाम इंचार्ज ने रिपोर्ट दर्ज कराई।
किसानों की लड़ाई लड़ता रहूंगा :चावला
प्रकरण दर्ज होने के मामले में मीडिया से चर्चा करते हुए आलोट विधायक मनोज चावला ने कहा कि वह इस तरह की एफआईआर से डरने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि वह किसानों की लड़ाई लड़ते रहेंगे।



