
रतलाम,3नवम्बर(खबरबाबा.काम) । टीआईटी रोड स्थित श्री नाकोड़ा भैरव नाथजी की प्रतिष्ठा के 31 वर्ष पूर्ण होने पर परम पूज्य साध्विद्वय श्री अर्चिता श्री जी म. सा. एवं श्री आनंदिता श्री जी म. सा. की पावन निश्रा में दो दिवसीय धार्मिक आयोजन आगामी 5 एवं 6 नवम्बर को संपन्न होगा ।
श्री पार्श्व भैरव आयोजक समिति एवं श्री पार्श्वनाथ मित्र मण्डल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किए जा रहे उक्त कार्यक्रमों में 5 नवम्बर को सायं 7:30 बजे भक्ति संध्या रखी गई है । जिसमे मुंबई के प्रसिद्ध जैन भजन गायक राजेश करण जी शाह एंड पार्टी द्वारा जैन भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।
6 नवम्बर को श्री पार्श्व भैरव रथ यात्रा , श्री नाकोड़ा भैरव नाथ का हवन पूजन एवं छप्पन भोग का आयोजन किया गया है । श्री पार्श्व भैरव आयोजक समिति के संयोजक अनिल बोहरा, राजेंद्र नवलखा, संजय सराफ़ एवं नरेंद्र कावड़िया ने बताया कि 6 नवम्बर को सुबह 8:30 बजे नवकारसी पश्चात पार्श्व भैरव रथ यात्रा नाकोड़ा मंदिर टी आई टी रोड से निकलेगी, जो कि स्टेशन रोड, दो बत्ती, लोकेंद्र भवन रोड एवं गीता मंदिर रोड होते हुए पुनः टी आई टी रोड नाकोड़ा मंदिर पहुँचकर समाप्त होगी ।
रथयात्रा के बाद अतिथियों का स्वागत समारोह होगा , तत्पश्चात् 10:30 बजे से 12 बजे तक गुजरात के सुप्रसिद्ध विधिकारक अनिल जी हरण द्वारा पूजन वि 108 गोले द्वारा हवन किया जाएगा । पूजन हवन पश्चात कार्यक्रम में उपस्थित होने वाले धर्मालुओ का स्वामी वात्सल्य आयोजित किया गया है । श्री पार्श्व भैरव आयोजक समिति एवं श्री पार्श्वनाथ मित्र मण्डल ट्रस्ट ने धर्मावलम्बियों से दो दिवसीय कार्यक्रम में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।



