रतलाम,20नवम्बर(खबरबाबा.काम)। बीती रात रतलाम झाबुआ जिले की सीमा पर घुघरी घाट के निकट एक बस अनियंत्रित होकर पलटी खा गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि एक दर्जन के करीब लोग घायल हो गए। कुछ घायलों को रतलाम जिला अस्पताल में भर्ती किया गया।
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार रात 8:30 बजे के लगभग की है। बस नीमच से झाबुआ जा रही थी। रतलाम से बस रात करीब 7:45 बजे बस रवाना हुई थी। बस घुघरी का घाट पार कर रही थी तभी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा पलटी। बस पलटने से यात्रियों की चीख पुकार गूंज उठी। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और जैसे-जैसे घायलों को निकालना शुरू किया। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों को ग्रामीणों ने निकाल कर एम्बुलेंस से अस्पतालों में भिजवाया। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी व जवान भी मौके पर पहुंचे और बस के नीचे यात्रियों के दबे होने की आशंका के चलते क्रेन व जेसीबी बुलवाकर बस को सीधा कराया गया। घायल 24 वर्षीय आबिद पुत्र खुर्शीद कुरेशी निवासी झाबुआ, 50 वर्षीय शंभू पुत्र दलसिंह मचार निवासी ग्राम कुंदनपुर थाना राणापुर जिला झाबुआ व 40 वर्षीय अब्दुल अजीज पुत्र मोहम्मद इस्माइल निवासी झाबुआ को रात करीब 11 बजे रतलाम जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया।



