
रतलाम,14नवम्बर(खबरबाबा.काम)। मांगलिक आयोजन में हाथ की सफाई दिखाकर रफूचक्कर होने वाले बदमाश शादियां शुरू होते ही सक्रिय हो गए है। जावरा में चोर गिरोह ने पहली वारदात को अंजाम भी दे दिया है।
जावरा रहवासी तनीश देवड़ा ने चोरी की रिपोर्ट जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाने में दर्ज करवाई है। फरियादी के मुताबिक चोरी की घटना 11 नवंबर की दोपहर 2 से साढ़े तीन बजे के बीच की है। खाचरौद नाका स्थित जनता परिसर में शादी समारोह का आयोजन था। खुशी के इस आयोजन में हाथ की सफाई दिखाने वाले बदमाश भी कब जनता परिसर में घुस गए किसी को पता भी नहीं चल पाया। दोपहर के समय मांगलिक आयोजन की रस्म चल रही थी कि इसी बीच बदमाश मौका ताड़कर पर्स गायब कर वहां से रफूचक्कर हो गया।
कुछ देर बाद पता चला कि पर्स नदारत है तब इधर-उधर ढूंढा। जनता परिसर के कमरे भी देखे लेकिन जब कहीं कोई पता नहीं चला तो यकीं हो गया कि बदमाश शादी समारोह से पर्स चुरा ले गए। पर्स में तकरीबन तीस हजार रुपए के अलावा चांदी की बिछियां, चांदी की अंगूठी और एक मोबाइल रखा था। पता चलते ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फरियादी तनीश देवड़ा की रिपोर्ट पर चोरी का अपराध कायम कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पुरानी घटित घटनाओं पर गौर किया जाए तो शादी समारोह में हाथ की सफाई दिखाने वाले गिरोह की महिलाएं और बच्चे बिन बुलाए मेहमान के रूप में शादी समारोह में शामिल होते है। ये इस कदर मेहमानों के बीच रहते है कि कोई उन पर शक भी नहीं कर पाता है। इसी का फायदा उठाकर गिरोह की सदस्य दूल्हा या दुल्हन के परिवार पर नजर गढ़ाए रखते है और मौका मिलते ही पर्स या बैग पार कर बिना कोई समय गंवाए नौ दो ग्यारह हो जाते है। मांगलिक आयोजनों की शुरुआत होते ही चोरों ने अपनी मौजूदगी जताकर पुलिस के सामने एक ओर चुनौती खड़ी कर दी है।



