
रतलाम 17 नवम्बर(खबरबाबा.काम)। नगर निगम की नवीन परिषद का पहला साधारण सम्मिलन छुटपुट हंगामे के बीच नगर निगम सभागृह में सम्पन्न हुआ। जिसमें सभी प्रस्तावों पर चर्चा उपरान्त स्वीकृति प्रदान की गई।
नगर निगम के साधारण सम्मेलन की शुरूआत राष्ट्रगान वंदे मातरम् से हुई इसके पश्चात महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, नेता पक्ष भगतसिंह भदौरिया, नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा सहित एमआईसी सदस्यों और पार्षदों का स्वागत निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट व निगम अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर किया।
इसके पश्चात् निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा ने स्वागत उद्बोधन में सभी का हार्दिंक स्वागत करते हुए कहा कि ढाई वर्ष पश्चात् नवीन परिषद का गठन हुआ है ओर यह परिषद अब तक की सबसे युवा परिषद है जिनमें विकास को लेकर जोश है। हम सभी को मिलकर रत्नपुरी को वैभवशाली और विकसित बनाना है।
महिलाऐं अपनी योग्यता से इस सदन में आई हैं इनका मान सम्मान करें
उन्होने कहा कि इस परिषद में 25 महिलाऐं है हमें किसी से कम मत आंकिये हम सब अपनी योग्यता से यहां तक आये है हम महिलाओं के मान-सम्मान व प्रोटोकॉल में कोई कमी ना आये इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखा जाये। उन्होने सभी से आव्हान किया कि सदन में शालिनता से अपनी बात रखें किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता व अससंदीय भाषा का उपयोग ना करें।
हंगामेदार हुई शुरुआत
स्वागत उद्बोधन पश्चात् सदन की कार्यवाही प्रारंभ हुई। कार्रवाई शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा एवं कांग्रेस पार्षदों ने महापौर के निजी सचिव के परिषद हाल में बैठने पर आपत्ति जताई। इसको लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा। निजी सचिव की नियुक्ति कर्मचारी के रूप में होने की जानकारी सदन को दी गई। बाद में निगम अध्यक्ष द्वारा निगम कर्मचारी के रूप में बैठने की अनुमति दी जाने के बाद कार्रवाई आगे बढ़ी।
सीवरेज, सफाई और सड़कों का मुद्दा उठाया
पार्षदों द्वारा पूछे गये 20 प्रश्नों का नियत समायावधि 1 घंटे में 7 प्रश्नो के उत्तर सदन में दिए गए। सीवरेज लाईन, वार्ड प्रभारियों की नियुक्ति, सीवरेज लाईन डालने का मापदण्ड, कितनी सड़के बन चुकी हैं व कितनी सड़कों के कार्य प्रगति पर हैं, यूआईडीएसएसएमटी योजना की जांच व ठेकेदार पर हुई कार्यवाही अमृत मिशन के तहत् शहर के बड़े नालों का निर्माण, नगर निगम के रतलाम के ऐसे अधिकारी एवं कर्मचारी जो कि अन्य निकाय में कार्यरत् हैं उन्हे नगर निगम रतलाम में पदस्थ करने आदि के उत्तर दिये गये।
जब महापौर सम्मेलन से बाहर चले गए
महापोर प्रहलाद पटेल ने इस अवसर पर नवगठित परिषद के 100 दिवस के कार्यकाल में नगर में किये गये विकास कार्यो की जानकारी देते हुए कहा कि हम सब मिलकर नगर में विकास की गंगा बहायेंगे। महापौर के बोलने पर कांग्रेसी
पार्षदों ने हंगामा करना शुरू किया जिसके बाद महापौर नाराज होकर परिषद हाल से बाहर चले गए। इसके बाद कमिश्नर, नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा और कुछ अन्य पार्षद उन्हें मनाने गए। कुछ देर बाद महापौर पुनः सम्मेलन हाल में आकर बैठ गए।
यह प्रस्ताव हुए स्वीकृत
सम्मिलन में बिरसा मुण्डा की प्रतिमा स्थापित किये जाने की वित्तीय स्वीकृति, नगर निगम की विकास शाखा द्वारा नगर सुधार न्यास की विभिन्न आवासीय/व्यावसायिक योजनाओं में तीस वर्ष की लीज अवधि बढ़ाये जाने, महू रोड स्थित सुभाष चन्द्र शॉपिंग काम्पलेक्स की शेष बची 98 दुकानों के विक्रय हेतु निर्धारित 2020-21 की कलेक्टर गाईड लाईन से निकाले गये आरक्षित मूल्य में 15 प्रतिशत की कमी किये जाने के प्रस्ताव पर चर्चा उपरांत स्वीकृति प्रदान की गई।
इसके अलावा स्टेट बैंक तिराहा से महाराजा सज्जनसिंह जी प्रतिमा तक की सड़क का नाम लाडली लक्ष्मी पथ व हनुमान ताल से समीप उद्यान का नाम लाड़ली लक्ष्मी वाटिका रखे जाने की पुष्टि की गई।



