रतलाम : पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा ने नजूल एनओसी की अनिवार्यता समाप्त करने के निर्णय का किया स्वागत, मुख्यमंत्री का माना आभार, विभाजित प्लाट के मामले के भी शीघ्र निराकरण की मांग की

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read
|

रतलाम,5दिसम्बर(खबरबाबा.काम)। नए साल से बिल्डिंग परमिशन के लिए लगने वाली नजूल एनओसी की अनिवार्यता को समाप्त करने के प्रदेश सरकार के निर्णय का पूर्व महापौर एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शैलेंद्र डागा ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे जनता को राहत देने वाला निर्णय बताया है। श्री डागा ने मध्यमवर्गीय जनता को राहत देने के लिए विभाजित प्लाट के मामले का भी शीघ्र निराकरण करने की मांग की है।

जारी बयान में पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व में 2400 स्क्वायर फीट तक के प्लाट पर नजूल एनओसी की बाध्यता समाप्त कर जनता को राहत दी थी। अब प्रदेश की भाजपा सरकार ने बिल्डिंग परमिशन के लिए राजस्व विभाग की नजूल शाखा से मिलने वाले अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) को खत्म कर आम जनता के हित में एक बड़ा निर्णय लिया है। नए साल में जनवरी महीने से किसी भी बड़े या छोटे मकान के नक्शे, निर्माण और ले-आउट मंजूरी के लिए नजूल की एनओसी लेना जरूरी नहीं होगा। श्री डागा ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार माना है। उन्होंने कहा कि नजूल एनओसी नहीं मिलने के कारण महीनों तक प्रोजेक्ट और मकान नहीं रुकेंगे ।

विभाजित प्लाट के मामले में भी राहत देने की मांग

पूर्व महापौर एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शैलेंद्र डागा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से इसी तरह विभाजित प्लाट के मामले का भी शीघ्र निराकरण करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विभाजित प्लाट पर भवन निर्माण की अनुमति नहीं मिलने ,लीज नहीं बढ़ने और नामांतरण नहीं होने से हजारों मध्यम वर्गीय परिवार पिछले कुछ वर्षों से परेशान है। श्री डागा ने कहा कि मुख्यमंत्री इस मामले में शीघ्र निराकरण की घोषणा कर चुके हैं। श्री डागा ने कहा कि जिन विभाजित प्लाटों या भवनों की रजिस्ट्री हो चुकी है, उन्हें राहत दी जानी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से जल्द से जल्द विभाजित प्लाट के मामले का निराकरण कर जनता को राहत देने की मांग की है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *