रतलाम: जामड में मिली मानव खोपड़ी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाया, मोबाइल चोरी की शंका में अपहरण कर की हत्या, 9 में से 7 आरोपी नाबालिग, 6 गिरफ्तार

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
|सांकेतिक फोटो

रतलाम,17दिसम्बर(खबरबाबा.काम)। करीब एक सप्ताह पहले जामड पाटली में मिली मानव खोपडी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। यह मानव खोपडी एक महीने पहले शिवगढ से लापता हुए एक युवक की थी जिसे आरोपी मोबाइल चोरी शंका में अपह्त करके ले गए थे और उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या में शामिल कुल छ: आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है,जबकि तीन आरोपी फरार है। कुल नौ आरोपियों में से सात आरोपी नाबालिग है।

एसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि दिनांक 11 दिसम्बर 2022 को दीनदयाल थाना क्षेत्र के जामड पाटली क्षेत्र की एक तलाई के पास एक मानव खोपडी बरामद हुई थी। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच के लिए दो टीमें तैयार की थी। पुलिस टीमों की मशक्कत और एफएसएल से मिले सुरागों के आधार पर यह पता चला कि उक्त मानव खोपडी राजू उर्फ राजपाल गूर्जर 40 नि. शिवगढ की हो सकती है। इस तथ्य के आधार पर पुलिस ने मुखबिरों की मदद से जांच आगे बढाई,तो दो संदेहियों कालू अमलियार नि. सरवनीखुर्द और बंटी उर्फ कमलेश निवासी बिबडौद की इस मामले में संलिप्तता के प्रमाण मिले। इन संदेहियों को हिरासत में लेकर कडी पूछताछ की गई तो इस सनसनीखेज हत्याकाण्ड के सारे राज सामने आ गए।

एसपी श्री तिवारी के अनुसार,आरोपी कालू और बंटी को यह संदेह था कि उनका मोबाइल मृतक राजू उर्फ राजपाल ने चुराया है। इसी के चलते विगत 4 नवंबर 2022 को उक्त दोनो आरोपी अपने सात नाबालिग साथियों के साथ दो मोटर साइकिलों पर सवार होकर राजू के खेत पर पंहुचे और उसका अपहरण कर ले गए। राजू के लापता होने पर पुलिस थाना शिवगढ में गुमशुदगी का केस भी दर्ज किया गया था।

आरोपीगण मृतक को लेकर जामड पाटली पंहुचे,जहां उनका विवाद बढा और उन्होने धारदार हथियारों से राजू की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसके शव को गढ्डा खोदकर गाड दिया,ताकि शव मिल ना सके। लेकिन करीब एक महीने बाद उसकी खोपडी बरामद हो गई और हत्या का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने इस मामले मेंं शामिल मुख्य आरोपी कालू अमलियार 20 नि.सरवनीखुर्द,बंटी उर्फ कमलेश पिता उदयराम सोलंकी 22 नि.बिबडौद के साथ चार नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है,जबकि हत्या में शामिल तीन अन्य नाबालिग आरोपी अभी फरार है। पुलिस के अनुसार इन्हे जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस सनसनीखेज हत्या को सुलझानें में जहां एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल,डा.न्यूमन हुसैनी और डा. प्रियल जैन की विशेष भूमिका रही,वहीं इस प्रकरण को सुलझाने के लिए विशेष रुप से गठित टीमों में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सराहनीय भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने इन्हे पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *