
रतलाम,24दिसम्बर(खबरबाबा.काम)। शुक्रवार रात को कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी एक बार फिर शहर की सड़कों पर निकले। इस बार मामला अतिक्रमण का नहीं था, बल्कि ठंड में खुले में सो रहे लोगों को रेन बसेरा पहुंचाने के लिए कलेक्टर प्रशासनिक अमले के साथ मैदान में उतरे थे।
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी शहर के बस स्टैंड एवं अन्य क्षेत्रों में पहुंचे और ठिठुरती ठंड में खुले आसमान के नीचे सो रहे गरीब और बेसहारा लोगों को रेन बसेरे मे भिजवाया। कुछ लोगों ने रैन बसेरा जाने के लिए मना भी किया, जिसके बाद कलेक्टर ने पुलिस अधिकारियों को जिम्मा सौंपा।

नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने नगर निगम और पुलिस अमले के साथ कालिका माता क्षेत्र, दो बत्ती चौराहा, स्टेडियम मार्केट और रोडवेज बस स्टैंड सहित शहर अलग-अलग स्थानों का दौरा किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील पाटीदार, निगमायुक्त हिमांशु भट्ट, सीएसपी हेमंत चौहान, निगम स्वास्थ्य अधिकारी ए पी सिंह, थाना स्टेशन रोड टीआई किशोर पाटन वाला, थाना औद्योगिक क्षेत्र टीआई श्री वर्मा, नायब तहसीलदार मनोज परमार , केबी शर्मा तथा निगम एवं पुलिस का अमला मौजूद था।
कुछ के बच्चों ने उन्हें बेसहारा छोड़ दिया
भ्रमण के दौरान जब खुले आसमान में सो रहे लोगो से कलेक्टर ने पूछा ऐसी ठंड में सड़क पर क्यों सो रहे हो तो कुछ बुजुर्गों ने बताया कि बेटे और बहू ने घर से निकाल दिया है। इस पर कलेक्टर ने एएसपी सुनील पाटीदार को कहा बुजुर्गों को घर से निकालने वाले परिवार और बेटों का पता करके उन पर भरण पोषण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए।



