रतलाम: कंजर प्रभावित क्षेत्रों में एसपी अभिषेक तिवारी का विशेष अभियान, स्पेशल टीम बनाई, एजेंटों पर भी निगाह

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read
|

रतलाम,19दिसम्बर(खबरबाबा.काम)। जिले में आपराधिक वारदातों में शामिल कंजरो को पकड़ने के लिए एसपी अभिषेक तिवारी ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसके लिए स्पेशल टीम भी बनाई गई है। खास बात यह है कि पुलिस अब कंजरो के एजेंटों का भी पता लगाने में जुटी हुई है।

जिले के आलोट, ताल और रिंगनोद थाना क्षेत्र के कई गांव कंजर प्रभावित है। इनमें मुख्य रूप से खजूरी देवड़ा, बरखेड़ा कला, कराडिया, मोरिया, खारवाकला, मीनावादा, मांडवी, रोला, असावती, मान्याखेड़ी, परवलिया, गोठड़ा आदि गांव शामिल है। इन क्षेत्रों में कंजर आए दिन वारदात करते रहते हैं। खासकर दुपहिया और चार पहिया वाहन चोरी कर या लूट कर ले जाते हैं और बाद में इन्हें छोड़ने के एवज में रकम वसूलते हैं। इसके अलावा भी कंजर अन्य तरह की वारदातों को अंजाम देते हैं।

एसपी ने चलाया अभियान

कंजरो द्वारा अपराधिक वारदातों पर नियंत्रण एवं कार्रवाई के लिए एसपी अभिषेक तिवारी ने विशेष अभियान चलाया है। उनके द्वारा स्पेशल टीम भी बनाई गई है जो आपराधिक वारदातों में शामिल कंजरो की धरपकड़ करेगी।

एसपी अभिषेक तिवारी स्वयं कंजर प्रभावित क्षेत्र के नागरिकों से संपर्क कर कंजरो द्वारा की जा रही वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं।

कंजरो के एजेंटों पर भी निगाह

एसपी अभिषेक तिवारी के निर्देश पर इस बार पुलिस अपराधिक वारदातों में शामिल कंजरो के एजेंटों की पड़ताल में भी जुटी हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में कंजरो के एजेंट भी सक्रिय हैं, जो वारदात के बाद पीड़ित से संपर्क कर रकम वसूलने और सामान दिलाने का कार्य करते हैं। यह एजेंट कंजरो की अन्य तरीके से भी मदद करते हैं। पुलिस अब इन एजेंटों की जानकारी जुटाकर इन पर भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

इनका कहना है

अपराधिक वारदातों में शामिल कंजरो की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। टीम भी बनाई गई है। कंजरो के एजेंटों की भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि उन पर भी कार्रवाई की जा सके।

-अभिषेक तिवारी ,एसपी रतलाम

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *