रतलाम,10जनवरी(खबरबाबा.काम)। शहर के एक इंटीरियर डिज़ाइनर और कांट्रैक्टर को फोन कर फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले ने रुपए नहीं देने पर गोली मारने और ड्रग्स रखकर फंसाने की धमकी भी दी है। कारोबारी ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी से मामले की शिकायत की है।
जानकारी के अनुसार फरियादी युवक रतलाम में इंटीरियर डिजाइनिंग और कांट्रैक्टर का काम करता है। पुलिस को की गई शिकायत में फरियादी ने बताया कि उनके मोबाइल फोन पर तीन अलग-अलग नंबरों से फोन कर एक व्यक्ति ने 2 लाख रुपए फिरौती की मांग की है। पैसा नहीं देने पर सामने वाले व्यक्ति ने गोली मारने और कार्यस्थल पर ड्रग्स रखकर फंसाने की धमकी भी दी है। फोन करने वाले व्यक्ति ने पुलिस को सूचना नहीं देने की भी धमकी दी है। फरियादी ने एसपी को आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की है।