शहर विधायक चेतन्य कश्यप ने कहा-होमगार्ड कॉलोनी तरफ अगले समय का नया रतलाम बनेगा,रविवार को सात वार्डो में निकली विकास यात्रा

indresh98kumar@gmail.com
4 Min Read
|

रतलाम, 19 फरवरी (खबरबाबा.काम)। विकास यात्रा के क्रम में रविवार को 7 वार्डों में तीन स्थानों होमगार्ड कॉलोनी, अर्जुन नगर और काजीपुरा में शहर विधायक चेतन्य काश्यप और महापौर प्रहलाद पटेल ने लाखों रुपए के विकास कार्यो का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इनमें संजीवनी क्लीनिक के भूमि पूजन और मांगलिक भवन के लोकार्पण सहित विभिन्न सड़कों के निर्माण व अन्य कार्य शामिल हैं। विकास यात्रा शहर में अपने अंतिम चरण में वार्ड क्रमांक 27, 28, 29, 30, 31, 37 और 38 में निकाली गई।

विधायक चेतन्य काश्यप ने होमगार्ड कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि यह क्षेत्र अगले समय का नया रतलाम बनेगा। ओवर ब्रिज के कारण जो हादसे यहां हुए हैं, उन्हें रोकने के लिए संबंधित विभाग के इंजीनियर द्वारा सर्वे किया गया है| यदि जरूरत पड़ी तो इसमें बदलाव भी किया जाएगा। अर्जुन नगर में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। कच्चे मकान पक्के आवासों में बदले हैं। क्षेत्र के कई परिवारो को पीएम आवास के लिए पात्रता नहीं होने पर मेरे फाउंडेशन से सहयोग कर आवास बनाने में मदद की है। क्षेत्र में पानी की टंकी बनाकर लाइन डालने के बाद प्रेशर की कमी की बात सामने आई है, जिसे दूर कराया जाएगा।

श्री काश्यप ने काजीपुरा में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि मुझे रतलाम की जनता ने यानी आप सब लोगों ने चुना है। क्षेत्र में विकास के लिए हाकिमवाड़ा से आरडीए तक, कलेक्टर बंगले से संत रविदास चौक तक सिटी रिंग रोड का प्रस्ताव शासन के पास गया है, जिसे जल्द स्वीकृति मिलेगी। क्षेत्र की दो कॉलोनी ग्रीन बेल्ट में आ रही है, वहां पर भी कुछ लोगों ने मकान बनाए हैं। उन लोगों को नुकसान न हो इसके लिए शासन को पत्र लिखा है।

महापौर प्रहलाद पटेल ने अर्जुन नगर में कहा कि माता, बहनों और बच्चियों के लिए भाजपा सरकार हमेशा अग्रणी रही है। मोदी जी ने आयुष्मान कार्ड दिए हैं, तो मुख्यमंत्री जी ने संजीवनी क्लीनिक की सौगात दी है। काजीपुरा में श्री पटेल ने बताया कि कायाकल्प योजना के तहत रतलाम की सड़कों के लिए 350 करोड़ रुपए मुख्यमंत्री जी दे रहे हैं। इतनी ही राशि की दूसरी किस्त भी आएगी। इसके माध्यम से शहर में विकास के विभिन्न कार्य होंगे। होमगार्ड कॉलोनी में उन्होंने कहा कि मध्यम और निम्न वर्ग के लोगों को मैरिज गार्डन या फिर टेंट लगाने पर बहुत राशि खर्च करनी पड़ती थी। क्षेत्र को मांगलिक भवन मिलने से यहां के लोगों को न्यूनतम दाम पर यह उपलब्ध होगा।

इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह लुनेरा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा विकास के विभिन्न कार्य किए गए हैं। शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ आज जन-जन तक पहुंच रहा है।

कार्यक्रम के दौरान विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, जिला उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष निलेश गांधी, आदित्य डागा, मयूर पुरोहित, कृष्णकुमार सोनी, यात्रा प्रभारी शैलेंद्रसिंह सिसौदिया, एमआईसी सदस्य, विशाल शर्मा, रामू डाबी, पप्पू पुरोहित, धर्मेन्द्र व्यास, दिलीप गांधी, मनोहरलाल राजू सोनी, पार्षद परमानंद योगी, अशोक जोनवाल, शबाना खान, माया पांचाल सहित इब्राहिम शेरानी, मंसूर जमादार, सलीम मेव, सईद कुरैशी, सुशीला परमार, राकेश परमार, हेमंत राहोरी, मुबारिक शेरानी, शाहिद अंसारी, हीना शाह, मरियम मंसूरी, सोहेल शाह, प्रो इमरान हुसैन, रमेश पांचाल आदि मौजूद रहे ।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *