रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद पर पूर्व निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल के नाम की घोषणा

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read
|

रतलाम,17अप्रैल(खबरबाबा.काम)। लगभग एक दशक के लंबे इंतजार के बाद चुनावी वर्ष में रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद की घोषणा आज हो गई। पूर्व निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल को राज्य शासन द्वारा आरडीए अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है।

प्रदेश सरकार द्वारा भोपाल, इंदौर ,देवास ,कटनी के बाद आज उज्जैन और रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष की घोषणा की गई। रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष पद पर पूर्व निगम अध्यक्ष एवं भाजयुमो के पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक पोरवाल के नाम की घोषणा की गई है। उल्लेखनीय है कि अशोक पोरवाल भाजपा से महापौर पद के टिकट के भी प्रमुख दावेदार माने जा रहे थे। एक बार तो उनके नाम की घोषणा लगभग तय हो गई थी लेकिन बाद में उन्हें टिकट नहीं मिल पाया। निकाय चुनाव में महापौर प्रत्याशी का टिकट नही मिलने के बाद से ही यह कयास लगाए जा रहे थे कि श्री पोरवाल को आरडीए या संगठन में कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है।

कई दावेदार थे सक्रिय

रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद के लिए कई दावेदार सक्रिय थे। सभी दावेदार रतलाम से लेकर भोपाल तक जोर आजमाइश कर रहे थे, लेकिन स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों के चलते आरडीए अध्यक्ष पद की घोषणा नहीं हो पाई थी। साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक संतुलन बैठाने दृष्टि से आखिरकार रतलाम में नाम की घोषणा की गई।

पूर्व निगम अध्यक्ष का संयोग

आरडीए अध्यक्ष पद पर एक बार फिर पूर्व निगम अध्यक्ष रह चुके व्यक्ति की नियुक्ति हुई है। इसे एक संयोग ही कहा जाएगा कि पूर्व में आरडीए अध्यक्ष रहे विष्णु त्रिपाठी भी निगम अध्यक्ष रह चुके थे। श्री त्रिपाठी के बाद अभी तक आरडीए अध्यक्ष पद पर किसी की नियुक्ति नहीं हुई थी। अब जाकर पूर्व निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *