
रतलाम,24अप्रैल(खबरबाबा.काम)। शहर में एक बार फिर चोर गिरोह ने दस्तक दे दी है। औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत अष्टविनायक कॉलोनी में चोरी की वारदात के बाद बीती रात स्टेशन रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत शास्त्री नगर में तीन स्थानों पर बदमाशों ने चोरी की वारदातों को अंजाम दे दिया। खास बात यह है कि बीती रात हुई चोरी में भी सीसीटीवी कैमरे में तीन संदिग्ध नकाबपोश नजर आ रहे हैं।
रात की पुलिस गश्त से बचने के लिए चोरों ने नया रास्ता इजात कर लिया है। बदमाशों ने गश्त थमने के बाद सुबह-सुबह चोरियों को अंजाम देना शुरू कर दिया है। आज अलसुबह पांच बजे बदमाशों ने एक साथ तीन सूने फ्लैट के ताले चटका दिए। दो फ्लैट में रहने वाले परिवार तो शहर से बाहर गए है जबकि एक अन्य गेस्ट हाउस का फ्लेट है।
चोरों ने शास्त्री नगर स्थित सांईदीप अपार्टमेंट के एक फ्लैट को निशाना बनाया। यहां शिक्षिका शमा चेलानी के फ्लैट का ताला चटका दिया। शमा चेलानी गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल शास्त्रीनगर की शिक्षिका है। वे कल शाम को ही परिवार के रतलाम से उज्जैन के लिए निकली थी कि अलसुबह उनके मकान को सूना पाकर बदमाश ताला चटकाकर घर में घुसे और चोरी के लिए घर का सारा सामान तितर-बितर कर दिया। यहां से बदमाश कितना और क्या-क्या सामान ले गए इसका भी पता नहीं चल पाया है। चोरी की हरकत को देख लगता है कि बदमाश इन दो फ्लेट से काफी कीमती सामान के अलावा नगदी चुरा ले गए है। यहां संदिग्ध चोर सीसीटीवी कैमरे में नजर आ रहे हैं। संदिग्ध चोर एक ही बाइक पर सवार होकर आए थे।
यमनोत्री अपार्टमेंट में एम.आर. यूनियन का गेस्ट हाउस है। यूनियन के पदाधिकारी अश्विन शर्मा ने बताया कि बदमाश कार्यालय का ताला तोड़कर 10 कुर्सियां और अन्य छोटा-मोटा सामान चोरी कर ले गए। हर्ष अपार्टमेंट में भीमशंकर के फ्लेट पर ताला लगा देखा। इस मकान को निशान बनाने से पहले चोरों ने आसपास के फ्लेट के दरवाजों की बाहर से बंद कर दिया ताकि आहट होने पर भी कोई अंदर से बाहर नहीं आ सके। इस भीमशंकर के फ्लेट के मकान का ताला तोड़ बदमाश घर में घुसे। इस फ्लेट का सामान बिखरा हुआ आलमारी भी खुली मिली जिससे अंदेशा है कि बदमाश इस फ्लेट से कीमती सामान बटोर ले गए है। परिवार के आने के बाद ही पता चल पाएगा कि बदमाश यहां से कितना माल ले गए है।

सीसीटीवी कैमरे में दिखे तीन संदिग्ध
चोरों की हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। तीन बदमाश बिना नंबर की पल्सर बाइक से पहुंचे। हालांकि चेहरे तो कपड़े बांधकर ढंक रखा है लेकिन कद काठी के आधार पर पुलिस को बदमाशों का सुराग लगाने में आसानी होगी।
चोरी का पता सुबह पांच के लगभग उस समय चला अपार्टमेंट रहवासी प्रफुल्ल जॉन नियमित रूप से सुबह की सैर पर जाने के लिए निकले तो दरवाजा खुल नहीं पाया। काफी कोशिश के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो लगा कि दरवाजा किसी ने बाहर से बंद कर दिया। बाद में देखा गया तो आसपास के प्लेट के ताले टूटे मिले। तत्काल इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।
बिना खौफ के पहुंचे बदमाश
ताले चटकाने वाले बदमाशों की हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। तीन युवक सुबह साढ़े चार बजे के लगभग बाइक पर सवार होकर शास्त्रीनगर पहुंचे और फ्लेट के बाहर बेहिचक गाड़ी खड़ी कर गेट खोलकर इस कदर अंदर घुसे कि किसी के देख लेने पर कोई उन पर शक नहीं कर पाए। शर्ट पेंट और टीशर्ट, टोपी व मुंह पर रुमाल बांधे युवक बिना किसी के डर के फ्लेट में पहुंचे और जैसे ही उनकी निगाहे कैमरे पर पहुंची तो कैमरे की दिशा भी बदल दी गई।
स्टेशन रोड थाना प्रभारी किशोर पाटनवाला ने बताया कि सिटीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।
अष्टविनायक कॉलोनी में भी कैमरे में दिखे थे तीन संदिग्ध
शुक्रवार -शनिवार की रात को औद्योगिक थाना क्षेत्र की अष्टविनायक कॉलोनी में भी एक सूने मकान में चोरी की वारदात हुई थी। विशेष बात यह है कि यहां भी सीसीटीवी कैमरे में तीन नकाबपोश संदिग्ध नजर आए थे। पुलिस अभी इनकी तलाश कर रही है।
-(वीडियो राकेश पोरवाल)



