
रतलाम,24अप्रैल(खबरबाबा.काम)। कालूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव ठिकरिया रानीगांव में सोमवार दोपहर को पवन चक्की पर मेंटेनेंस के लिए पहुंचे तीन युवक आग लगने से फंस गए। आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। युवको को रेस्क्यू कर नीचे उतार लिया गया है। तीनों युवक स्वस्थ और सुरक्षित है।
कालूखेड़ा थाना प्रभारी आनंद भाभोर के अनुसार तीनों युवक टेक्नीशियन है और पवन चक्की पर मेंटेनेंस के लिए गए थे। यह तीनों पवन चक्की के ऊपर के हिस्से में मेंटेनेंस का काम कर रहे थे। इस दौरान वहां एक हिस्से में आग लगने के कारण तीनों युवक पवन चक्की के ऊपरी हिस्से में फंस गए। सूचना मिलते ही प्रशासन के अधिकारी, कालूखेड़ा थाना प्रभारी सहित पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। थाना प्रभारी के अनुसार तीनों युवक सुरक्षित है और उन्हें रेसक्यू कर नीचे उतारा गया है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को भेजा
पवन चक्की में आग लगने की सूचना मिलने पर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा तत्काल मौके पर एसडीआरएफ के जवान ,एसडीएम सुश्री मनीषा वास्कले ,एसडीओपी रविंद्र बिलवाल अन्य अधिकारी कर्मचारियों को बचाव उपकरणों अग्निशमन वाहन के साथ स्थल पर भेजा गया। कोई जनहानि नहीं हुई। तीन व्यक्तियों को स्वास्थ्य जांच के लिए चिकित्सालय भेजा गया। तीनों व्यक्ति स्वस्थ है।




