रतलाम: आलोट में भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं का थाने के सामने धरना प्रदर्शन, पुलिस पर लगाया अवैध वसूली का आरोप

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
|

रतलाम,23मई(खबरबाबा.काम)। मंगलवार को जिले के आलोट थाने के बाहर कुछ लोगों ने धरना प्रदर्शन किया। धरने में भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी शामिल है। सत्ताधारी दल भाजपा के नेताओं सहित धरना दे रहे लोगों ने आलोट पुलिस पर अवैध वसूली का आरोप लगाया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह अंजना, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश कोठारी भी धरना प्रदर्शन में शामिल हैं। पुलिस पर ग्रामीणों से अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ता पुलिस कर्मी को सस्पेंड कराने की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार पिपलिया सिसोदिया गांव के किसान शंकरलाल मालवीय ने शपथ पत्र देकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने शपथ पत्र में बताया कि ‘मैं जेसीबी से मटेरियल हटा रहा था, तभी सोमवार रात करीब 2 बजे थाने के 4 पुलिसकर्मी आए। मुझसे मशीन से नीचे उतरने को कहा फिर मेरी कनपटी पर पिस्टल रख दी। मोबाइल छीन लिया, पुलिसकर्मियों ने लात-घूसा मारकर बोले कि 50 हजार की व्यवस्था कर नहीं तो तेरी जेसीबी व ट्रैक्टर थाने में ले जाकर रख देंगे। ऐसी FIR करेंगे कि गाड़ी कभी नहीं छूटेगी। मैंने रुपए देने के लिए
मना किया। पुलिसकर्मी मुझे करीब 1 किलोमीटर दूर ले गए। मुझसे 20 हजार छीन लिए।’

एक अन्य ग्रामीण ने भी शपथ देखकर पुलिस की अवैध वसूली की बात कही है। यह जानकारी लगने पर मंगलवार को भाजपा के मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता थाने पर पहुंचे और धरना प्रदर्शन कर दिया।

मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह ने कहा है कि बारिश का समय आने वाला है, जिसको लेकर किसान अपनी तैयारियां कर रहा है। खेतों मे मिट्टी फिलिंग कार्य भी जेसीबी से किया जा रहा है। गाय-भैंस की सुरक्षा के लिए मुरम डालकर बारिश से बचाने के लिए उनकी सुरक्षा के इंतजाम किसान कर रहे हैं। क्षेत्र की पुलिस किसानों से अवैध वसूली करने में लगी है। मंडल अध्यक्ष ने कहा कि यह लोग प्रदेश सरकार को बदनाम करने पर तुले हुए हैं। मैं इसकी शिकायत प्रदेश अध्यक्ष से भी करूंगा। इस मामले में मीडिया कर्मियों को दी गई बाइट में एडिशनल एसपी सुनील पाटीदार ने कहा कि इस तरह की शिकायत की जानकारी मिली है। प्रकरण की जांच कराई जाएगी, जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई करेंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *