
रतलाम,5मई(खबरबाबा.काम)। दो बत्ती क्षेत्र में गाड़ी ठीक से चलाने की समझाइश देने पर एक युवक ने बुजुर्ग के साथ इतनी मारपीट की कि वह लहूलुहान हो गए। घायल बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घायल 65 वर्षीय बुजुर्ग अनिल पिता कुशलचंद जैन निवासी नागरवास है। श्री जैन ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह 10.30 बजे वह स्टेशन रोड पर कारू मामा कचोरी वाले के यहां से गुजर रहे थे। तभी सामने एक पिले रंग की पल्सर बाइक लहराते हुई बुजुर्ग के सामने आ गई। बुजुर्ग अनिल ने जब पल्सर चला रहे युवक को ठीक ढंग से गाड़ी चलाने की नसीहत दी तो यह युवक को नागवार गुजरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने पहले तो बुजुर्ग को जमकर गालियां दी और फिर उसके ऊपर तमाचो की बरसात कर दी।
घायल श्री जैन के बेटे अनूप ने मीडिया को बताया कि आरोपी युवक ने बुजुर्ग के सिर पर चाबी से वार कर उन्हे लहूलुहान कर दिया। इसी बीच बुजुर्ग को किसी ने अस्पताल पहुंचाया और इसकी सूचना उनके बेटे अनूप जैन को फोन कर दी। मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। आरोपी युवक का नाम उदयभान बताया जा रहा है।



