रतलाम: पूर्व मंत्री सहित कांग्रेस विधायक और नेताओं का मेडिकल कॉलेज परिसर में धरना जारी, जानिए क्या है मामला

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
||

रतलाम,13जून(खबरबाबा.काम)। रतलाम मेडिकल कॉलेज में पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल सहित कांग्रेस विधायक हर्षविजय गेहलोत, मनोज चावला एवं कई कांग्रेस नेता शाम से धरने पर बैठे हुए हैं। रात में कांग्रेस नेताओं का भोजन भी धरना स्थल पर ही पहुंचा।

दरअसल कांग्रेस के पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल नामली के गांव बोडदिया में 9 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में बच्ची के परिजनों से मिलने मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। वहां शाम तक परिजनों को खाना और तत्काल कोई सहायता राशि नहीं मिलने पर उन्होंने धरना शुरू कर दिया। इस दौरान कलेक्टर के साथ फोन पर उनकी बहस भी हुई और कुछ ही देर में सैलाना और आलोट विधायक समेत कांग्रेस नेता मेडिकल कॉलेज पहुंचे और धरने में शामिल हो गए।

ज्ञातव्य है कि रविवार रात को नामली में घर के बाहर नानी के साथ सो रही 9 वर्षीय बालिका के साथ आरोपी राजेंद्र सिंह ने दुष्कर्म किया था। बच्ची को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। जहाँ शाम को कांग्रेस के पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल कुछ कांग्रेस नेताओं के साथ परिजनों से मिलने पंहुचे थे। इस दौरान परिजनों ने उन्हें बताया कि उन्हें सुबह से भोजन नहीं मिला है। न ही जिला प्रशासन की ओर से कोई तात्कालिक सहायता राशि जारी की गई। गरीब परिवार को इस कारण बहुत परेशानी हो रही है। इसपर पूर्व मंत्री पटेल नाराज़ हो गए और कलेक्टर को फोन लगाकर उनसे भी नाराज़गी जताई। श्री पटेल ने बताया कि फोन पर उन्हें संतुष्टिपूर्ण जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद वे भड़क गए और धरना शुरू कर दिया।

धरने की सूचना मिलने पर सैलाना विधायक हर्षविजय गहलोत, आलोट विधायक मनोज चावल, युवक कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट, जिपं सदस्य डीपी धाकड़, पूर्व उपाध्यक्ष जिपं प्रभु राठौड़, दिनेश शर्मा, शहर अध्यक्ष महेंद्र कटारिया सहित कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी धरने में शामिल हो गए। इस दौरान एसडीएम, एएसपी आदि ने आकर कांग्रेस नेताओं से बात करके धरना खत्म करने को कहा, लेकिन उन्होंने हटने से मना कर दिया। कलेक्टर ने दोबारा फोन पर चर्चा की, लेकिन कोई हल नहीं निकला। कांग्रेस नेताओं का भोजन भी रात में धरना स्थल पर ही पहुंचा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *