रतलाम: सैलाना क्षेत्र में खुदाई के दौरान पीली मिट्टी धंसने से चार लोग दबे, महिला की मौत, तीन घायलों को अस्पताल पहुंचाया

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read
|

रतलाम,1जून(खबरबाबा.काम)। जिले के सैलाना क्षेत्र से तीन किलोमीटर दूर पीली मिट्टी की खदान धंसने से चार लोग उसमें दब गए। हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घायलों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

घटना गुरुवार दोपहर की है। खदान से मिट्टी खोदने के दौरान यह हादसा हुआ।सूचना मिलने पर एसडीएम मनीष जैन, टीआई अय्यूब खान सहित ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में सहयोग किया।

गुरुवार दोपहर करीब 2.30 बजे सैलाना के ग्राम पंचायत नारायणगढ़ अंतर्गत आने वाले ग्राम नटवरपुरा निवासी देवलीबाई (40) पति कालूसिंह निनामा अपने पुत्र दिलीप (12), गांव की युवती आशा (18) पिता मोहनलाल भाभर, सोनू (10) पिता कचरू घर में लीपाई के लिए पीली मिट्टी लेने उक्त खदान पर पहुंचे थे।सैलाना-शिवगढ़ रोड स्थित जमुना पुल के नीचे खदान से महिलाएं पीली मिट्टी खोदने का काम कर रही थी। इस दौरान अचानक खदान धंस गई, जिसमें महिलाओं के अलावा बच्चे दब गए। अचानक खदान धंसने से हादसे की शिकार हुई महिलाओं और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंचे। साथ ही प्रशासन और पुलिस को सूचना दी।मौके पर बड़ी संख्या में सैलाना और शिवगढ़ के नागरिकों ने पहुंच तत्काल बचाव कार्य में जुट गए।

बताया जा रहा है कि मिट्टी की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई, जिससे चारों दब गए। दिलीप, आशा और सोनू को बचाव कार्य के दौरान सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया लेकिन देवलीबाई के ऊपर मिट्टी ज्यादा धंसने से मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को सैलाना अस्पताल भिजवाया गया। गंभीर घायल दिलीप को जिला अस्पताल रतलाम रेफर किया गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *