
रतलाम-जावरा,23जून(खबरबाबा.काम)। जाको राखे साइयां, मार सके ना कोय…. यह कहावत शुक्रवार को एक बार फिर चरितार्थ हो गई।जावरा मंदसौर फोरलेन पर परवलिया के पास शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में एक कार दो ट्रकों के बीच में फंसकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन कार में सवार दंपती बिल्कुल सुरक्षित निकले। हालांकि इन दोनों को करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद कार से बाहर निकाला जा सका।
जानकारी के अनुसार नीमच निवासी रितेश पिता मांगीलाल , पत्नी प्रियंका के साथ कार में सवार होकर नीमच की ओर जा रहे थे। परवलिया के यहां स्पीड ब्रेकर पर उनके आगे चल रहे ट्रक की स्पीड कम हुई, तो उन्होंने भी कार की स्पीड स्लो कर ली। इस दौरान अचानक पीछे से तेज स्पीड में आ रहे ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। कार दोनों ट्रकों के बीच में फंस गई। कार में सवार दंपती भी कार के अंदर ही फंस गए। कार की हालत देख कर सभी को लगा कि कार में सवार लोग नहीं बचे होंगे, लेकिन जब पुलिस और लोगों ने दोनों को कार से बाहर निकाला तो दोनों ही सुरक्षित थे। कार में सवार महिला को हल्की चोट जरूर लगी थी।
दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने वहां मौजूद लोगों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद दंपती को कार से बाहर निकाला और जावरा सरकारी अस्पताल भेजा। कार में सवार महिला को चोट आई है, वहीं पति को मामूली खरोंच लगी है। दोनों को प्राथमिक इलाज दिया गया है।



