रतलाम: मारपीट में चाट व्यापारी की मौत का मामला-परिजन और समाजजनों ने चांदनी चौक में शव रखकर किया प्रदर्शन, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
|

रतलाम,29जून(खबरबाबा काम)। माणकचौक थाना अंतर्गत चांदनीचौक में 10 दिन पूर्व रंगदारी वसूलने की बात पर हुए विवाद और मारपीट के मामले में घायल चाट व्यवसाई की मौत के बाद आज आक्रोशित परिजनों और समाजजनों ने चांदनीचौक में शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने दोषियों के घर तोड़ने और वारदात में दो और लोगों के शामिल होने की बात कहते हुए उन्हें भी आरोपी बनाने की मांग की। डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ और अंतिम यात्रा रवाना हुई।

हफ्ता वसूली और रंगदारी के लिए चाट व्यापारी से मारपीट की घटना में घायल हुए 50 वर्षीय घनश्याम कसेरा की मौत के बाद परिजन और क्षेत्र के रहवासी आक्रोशित हैं। मृतक के परिजनों ने आज चांदनी चौक में शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों और समाजजनों की मांग है कि आरोपी बदमाशों को फास्ट ट्रैक कोर्ट में प्रकरण चलाकर फांसी दी जाए और मारपीट करने वाले बदमाशो के घर तोड़े जाएं। परिजनों का यह भी कहना है कि वारदात में दो और लोग भी शामिल है जिन्हें भी आरोपी बनाया जाए। परिजन और समाजजन के आक्रोश को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती भी मौके पर की गई।

एसडीएम संजीव केशव पांडे, सीएसपी हेमंत चौहान, स्टेशन रोड थाना प्रभारी किशोर पाटन वाला, माणक चौक थाना प्रभारी अनुराग यादव ने आक्रोशित परिजनों से चर्चा की, लेकिन वे नहीं माने। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि दोषियों के मकान तोड़े जाए उसके बाद ही वे अंतिम संस्कार करेंगे। बाद में एएसपी राकेश खाखा मौके पर पहुंचे और उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने एवं बयान के आधार पर 2 और लोगों को आरोपी बनाए जाने का आश्वासन दिया जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

गौरतलब है कि 1 हफ्ते पूर्व आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने हफ्ता वसूली नहीं देने पर चार्ट ठेला संचालक घनश्याम कसेरा और उनके पुत्र यश कसेरा के साथ लाठी-डंडों और पत्थरों से मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल घनश्याम कसेरा की उपचार के दौरान बुधवार को मौत हो गई। इसके बाद आज परिजनों ने चांदनी चौक क्षेत्र में सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *