
रतलाम,10जुलाई(खबरबाबा.काम)। शहर के एक मदरसे में सबक याद नहीं करने पर बच्चे से बेरहमी से मारपीट करने के मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो दो दिन पूर्व का बताया जा रहा है। इसमें रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र थानान्तर्गत विरियाखेड़ी स्थित दारुल उलूम गौसिया मदरसा नजर आ रहा है। यहां सबक याद नहीं होने से एक मासूम बच्चे को इतनी बेरहमी से पीटा की वह न तो सो पा रहा है और न ही ठीक से बैठ पा रहा है। परिजन बच्चे को मदरसे से निकाल कर अपने साथ ले गए हैं।
वायरल वीडियो में उक्त मदरसे में पढ़ने वाले मंदसौर निवासी एक बच्चे के साथ हुई बर्रबर मारपीट के बारे में बताया गया है। बच्चे के शरीर के पिछले हिस्से में बेरहमी से की गई मार के निशान नजर आ रहे है। निशान दिखाते हुए उसके परिजन मदरसे के मौलाना और शिक्षक के समक्ष आपत्ति दर्ज करवा रहे हैं कि बच्चे को कोई इस तरह मारता है।
मदरसे से जुड़े लोगों का कहना है कि जिस शिक्षक पर मारपीट का आरोप लगा है उसे 20 दिन पूर्व ही पढ़ाने के लिए रखा गया था। वीडियो वायरल होते ही उसे नौकरी से निकाल दिया गया है।
इधर, वीडियो वायरल होने पर औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मामला संज्ञान में लिया है और आरोपी हाफिज के खिलाफ केस दर्ज किया है।
औद्योगिक क्षेत्र थाने में हुआ प्रकरण दर्ज
मामला जानकारी में आया है। हालांकि अभी तक परिजन या किसी अन्य के द्वारा कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। फिर भी हमने संज्ञान लेकर आरोपी हाफिज तोफ़िक़ ख़ान के विरुद्ध भादंवि और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है।
-राजेंद्र वर्मा, थाना प्रभारी- औद्योगिक क्षेत्र, रतलाम



