
रतलाम,24जुलाई(खबरबाबा.काम)। साइबर फ्रॉड वाले अब नेताओं को भी अपना निशाना बना रहे हैं। रतलाम नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा मनोज शर्मा की फर्जी आईडी बनाने का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक को भी की गई है।
एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा को की गई शिकायत में निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा मनोज शर्मा ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर उनके नाम से फर्जी आईडी बनाकर उनके फोटो और नाम का इस्तेमाल किया है। उक्त व्यक्ति द्वारा उनके नाम से कई लोगों को मैसेज भी किए गए हैं। पुलिस को की गई शिकायत में निगम अध्यक्ष ने फर्जी आईडी बनाने वाले का पता लगाकर कठोर कार्रवाई की बात कही है।
कई लोगों को किए मैसेज
बताया जा रहा है कि निगम अध्यक्ष की फर्जी आईडी बनाने वाले ने उनके नाम से ग्रुप भी बना लिए थे और कई लोगों को मैसेज भी किए गए। जिन लोगों को मैसेज गए उनमें से कुछ लोगों ने इसकी जानकारी निगम अध्यक्ष को दी। इसके बाद पुलिस को शिकायत की गई। एसपी ने साइबर सेल को मामला जांच में दिया है।



