
रतलाम,31जुलाई(खबरबाबा.काम)। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। कल आलोट थाना पुलिस ने एक कार से 60 किलो डोडा चूरा और आधा किलो अफीम बरामद की है। आलोट पुलिस ने कार में सवार गोपाल सिंह और किशोर पाटीदार दोनों निवासी पिपलिया सिसोदिया को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार आलोट थाना पुलिस को रविवार शाम सूचना मिली थी कि कार में सवार दो लोग अवैध मादक पदार्थ ले जा रहे हैं। पुलिस ने दूधिया फंटे पर जब कार रोककर सर्चिंग की तो कार में 60 किलो डोडा चूरा और आधा किलो अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी गोपाल सिंह और किशोर पाटीदार को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया है।
आरोपियों से जप्त अफीम व चूरा की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 2 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है। आलोट थाना पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।



