रतलाम: कार वाले चोर!- दो बत्ती क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात, कार में आए बदमाशों ने लाखों रुपए नगद एवं आभूषणों पर किया हाथ साफ, दिन और रात में दिखी संदिग्ध कार, रेकी कर दिया वारदात को अंजाम

indresh98kumar@gmail.com
4 Min Read
||||

रतलाम,2जुलाई(खबरबाबा.काम)। बदमाशों ने शहर में लंबे अंतराल के बाद चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। दो बत्ती क्षेत्र में एक सूने मकान को बदमाशों ने निशाना बनाया और वहां से लाखों रुपए नगद एवं आभूषणों पर हाथ साफ कर चले गए। क्षेत्रवासियों के अनुसार कल दोपहर में और रात में घर के बाहर एक संदिग्ध कार दिखी थी जिससे आशंका जताई जा रही है कि बदमाश कार में सवार होकर आए थे और रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर स्टेशन रोड पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।

जानकारी के अनुसार चोरी की वारदात दो बत्ती क्षेत्र में एचडीएफसी बैंक के पीछे रहने वाले श्याम सतवानी के यहां हुई है। श्री सतवानी एमपीएफएसआई से रिटायर्ड है। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व श्री सतवानी की तबीयत खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए इंदौर ले गए थे। पूरा परिवार इंदौर ही था।

रविवार सुबह चोरी का ऐसे पता चला

रविवार सुबह श्री सतवानी के घर पर जब अखबार वितरक समाचार पत्र देने आया तो पड़ोसी ने उनसे कहा कि घर पर कोई नहीं है समाचार पत्र मत डालो। तब अखबार वितरक ने कहा कि दरवाजा तो खुला हुआ है। जिस पर चोरी का पता चला। इसके बाद पड़ोसी ने इंदौर में श्री सतवानी के परिजनों को फोन किया और स्टेशन रोड थाने पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर स्टेशन रोड थाना प्रभारी किशोर पाटनवाला एवं पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

लाखों रुपए नगद एवं लाखों के आभूषण चोरी होने की जानकारी

सूचना मिलने पर श्री सतवानी के रतलाम में रहने वाले रिश्तेदार और मित्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने जब फोन पर परिजनों से चर्चा की तो पता चला कि घर की अलमारियों में 5 लाख 60 हजार रुपए नगद और लाखों रुपए के आभूषण रखे हुए थे। बदमाशों ने घर की अलमारियों में रखा सामान बिखेर दिया। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश अलमारी में रखे रुपए और आभूषण चोरी कर ले गए हैं। अधिकृत जानकारी परिजनों के रतलाम आने के बाद ही पता चल सकेगी।

दिन में रैकी और रात में चोरी की वारदात.. कार में आए बदमाश

क्षेत्रीय रहवासियों के अनुसार उन्होंने श्री सतवानी के घर के बाहर दोपहर में एक कार देखी थी। रात करीब 3:15 बजे वही कार फिर दिखाई दी। रहवासियों ने सोचा कि श्री सतवानी को इंदौर से लाए होंगे। जब सुबह चोरी का पता चला तो आशंका हुई कि दोपहर में बदमाश कार में सवार होकर रेकी के लिए आए थे और रात में उसी कार में चोरी की वारदात कर चले गए।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी कैमरे

स्टेशन रोड थाना प्रभारी किशोर पाटन वाला ने बताया कि परिजनों के आने के बाद ही पता चल सकेगा कि बदमाश क्या-क्या ले गए हैं। फिलहाल वे क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे चेक करा रहे हैं ताकि बदमाशों का सुराग मिल सके। श्री पाटनवाला ने बताया कि बदमाशों के कार में आने की जानकारी क्षेत्रीय रहवासियों ने दी है। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर बदमाशों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *