
रतलाम,9जुलाई(खबरबाबा.काम)। रतलाम की जनता ने नशे के खिलाफ आवाज उठाई और उसे गंभीरता से लेते हुए जिले के पुलिस कप्तान सिद्धार्थ बहुगुणा ने शहर पुलिस को नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए। असर यह हुआ कि शहर की 3 थानों की पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों के साथ 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। 3 लोगों की तलाश की जा रही है। इस पूरे मामले ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यदि पुलिस मन बना ले तो फिर अपराधी बच कर जा नहीं सकते।
शहर में नशे के फैलते कारोबार के खिलाफ पिछले कुछ दिनों में युवा और आमजन दो बार आवाज उठा चुके हैं। आम जनता द्वारा मौन जुलूस निकालने जाने के बाद एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने पुलिस जवानों से लेकर अधिकारियों तक की बैठक ली और नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्रवाई के लिए शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने भी एसपी से चर्चा की। एसपी के निर्देश पर थाना पुलिस भी कार्रवाई में जुट गई है।
स्टेशन रोड पुलिस ने पकड़ी ब्राउन शुगर
शहर की स्टेशन रोड थाना पुलिस ने 18 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के संबंध में मुखबिर से सूचना मिली थी। पुलिस ने सूचना के आधार पर हाथीखाना निवासी साजिद पिता साबिर 39 वर्ष को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 18 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने राजस्थान और हसनपालिया निवासी दो युवकों के नाम बताएं जो उसे सप्लाई करते थे। पुलिस इन दोनों की भी तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में डकैती की योजना बनाने ,हत्या का प्रयास ,अवैध हथियार रखने और जहरीली शराब के मामले भी दर्ज है।
दीनदयाल नगर पुलिस ने गांजे के साथ तीन युवकों को किया गिरफ्तार
दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने मुखबिर सूचना के आधार पर एक बाइक पर जा रहे तीन युवकों से 1 किलो 180 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के नाम ईश्वर नगर निवासी हेमंत पिता बने सिंह, सूरज पिता सुरेश और पेटलावद निवासी मनदीप पिता नंदकिशोर है। पुलिस युवको से पूछताछ कर पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह गांजा यह कहां से लाए थे और किसे देने जा रहे थे।
माणक चौक पुलिस ने डोडाचूरा के साथ युवक को पकड़ा
माणक चौक थाना पुलिस ने बैग में डोडा चुरा ले कर जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हरथली से रतलाम आ रहे एक युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से 2 किलो 340 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ है। युवक का नाम रामनगर निवासी जितेन्द्र पिता दिलीप मोतियानी है। युवक ने पूछताछ में कलाईगर रोड निवासी एक युवक का नाम बताया है। पुलिस इस मामले में भी जांच कर रही है।



