
रतलाम,1जुलाई(खबरबाबा.काम)। चौंकाने वाले घटनाक्रम में शहर के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत सुरभि परिसर में एक सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी ने गुटखा खाने के लिए पैसे नहीं देने पर पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतका के बेटे की रिपोेर्ट पर पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुरभि परिसर निवासी कमलेश मांजी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि पिता आरोपी 67 वर्षीय राजकुमार मांजी पुत्र शीतलदास मांजी शराब पीने के आदी है और रेलवे से सेवानिवृत्त होने के बाद घर पर ही रहते हैं। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे पिता राजकुमार शराब पीकर घर आए और मुझे व मां 65 वर्षीय मधुमति के साथ गालीगलौच करते हुए गुटखा खाने के लिए पैसा मांगने लगे।
मां ने पैसे नहीं दिए थे तो किचन से सब्जी काटने का चाकू लेकर मां के सीने पर वार कर दिया। इससे मां घायल हो गई। पड़ोसी विक्की उर्फ उमेश वर्मा व सामने रहने वाले शुभम की दादी मौके पर आई और मां को पानी पिलाया। इसके बाद मां को रेलवे अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार करने के बाद घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया। औद्योगिक थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।



