रतलाम: जिले के पुलिस विभाग में होगा बड़ा फेरबदल, 85 प्रतिशत से अधिक पुलिस निरीक्षक जाएंगे जिले से बाहर

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
|सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो

News by-SOURABH KOTHARI

रतलाम,7जुलाई(खबरबाबा.काम)। विधानसभा चुनाव के पहले एक जिले में 3 साल से अधिक समय से पदस्थ अधिकारियों के तबादले होना है। रतलाम पुलिस विभाग में भी इस नियम के चलते बड़ा फेरबदल होना तय है। आंकड़ों को देखा जाए तो नियमानुसार जिले में 85 प्रतिशत से अधिक पुलिस निरीक्षक तबादले की सीमा में आ रहे हैं। रतलाम रेंज के रतलाम, मंदसौर और नीमच में कुल 47 पुलिस निरीक्षकों का स्थानांतरण होगा।

पुलिस मुख्यालय द्वारा विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत 3 साल से अधिक समय तक एक जिले में पदस्थ अधिकारियों की जानकारी मांगी गई थी। जिसके अनुसार रतलाम रेंज में 47 पुलिस निरीक्षक नियम के अंतर्गत तबादले की सीमा में आ रहे हैं। इसमें 12 कार्यवाहक निरीक्षक और 35 निरीक्षक शामिल है। रतलाम जिले की बात करें तो यहां 9 कार्यवाहक निरीक्षक और 13 निरीक्षक सहित कुल 22 टीआई 3 वर्ष की अवधि पार कर चुके हैं। इनमें से कई अधिकारी ऐसे हैं जिन्हें जिले में पदस्थ हुए 5 से 8 वर्ष तक का समय हो गया है। रेंज में सबसे बड़ा फेरबदल रतलाम जिले में ही होगा। मंदसौर में एक कार्यवाहक निरीक्षक और 12 निरीक्षक सहित 13 अधिकारी तबादले की सीमा में आ रहे हैं। नीमच में दो कार्यवाहक निरीक्षक और 10 निरीक्षक सहित 12 अधिकारी इस सीमा में आ रहे हैं।

रतलाम जिले में 85 प्रतिशत से अधिक फेरबदल

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार रतलाम जिले में कार्यवाहक निरीक्षक और निरीक्षक सहित 25 के लगभग टीआई पदस्थ है। इनमें 22 टीआई तबादले की सीमा में आ रहे हैं। यानी 85 प्रतिशत से अधिक अधिकारी जिले से बाहर जाएंगे।

यह चार थाना प्रभारी जिले में रहेंगे

जिले में रुकने वाले थाना प्रभारियों की बात की जाए तो औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी राजेंद्र वर्मा, माणक चौक थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनुराग यादव, सैलाना थाना प्रभारी अयूब खान और ताल थाना प्रभारी नागेश यादव तबादले की सीमा से बाहर आ रहे हैं। संभावना है कि यह जिले में ही पदस्थ रहेंगे। इनके अलावा लगभग सभी टीआई अन्य जिलों में पदस्थ होंगे।

अधिकांश की पसंद यह जिले

3 वर्ष से अधिक की अवधि पार कर चुके पुलिस निरीक्षकों से अन्य चार जिलों का विकल्प भी मांगा गया है। सूत्रों की माने तो रतलाम में पदस्थ अधिकांश निरीक्षकों ने उज्जैन, मंदसौर, नीमच, धार, बड़वानी, और खरगोन में पदस्थापना चाही है‌। वही मंदसौर नीमच में पदस्थ कई निरीक्षकों ने अन्य जिलों के साथ रतलाम को भी विकल्प में लिया है।

संभावना जताई जा रही है कि जुलाई माह के अंत तक 3 वर्ष से अधिक की अवधि पार कर चुके अधिकारियों की तबादला सूची जारी हो सकती है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *