
रतलाम 07 अगस्त(खबरबाबा.काम)। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2023 के लिए आयोग के निर्देशानुसार केन्द्र तथा राज्य शासन के उपक्रम, स्वायत्तशासी संस्थाओं, नगरीय निकायों, शासकीय तथा अर्द्धशासकीय विभागों में सेवारत अधिकारियों तथा कर्मचारियों के अवकाश पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा जिले के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाशों को प्रतिबंधित किया गया है। समस्त अधिकारी, कर्मचारी अत्यावश्यक होने पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी से स्वीकृति उपरांत ही अवकाश पर जा सकेंगे।
जिला स्तरीय स्टैण्डिंग कमेटी का गठन
रतलाम। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा जारी आदेशानुसार विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2023 के लिए निर्वाचन सम्बन्धी विभिन्न गतिविधियों यथा निर्वाचक नामावलियों का पुनरीक्षण, निर्वाचन का संचालन, आदर्श आचरण संहिता के क्रियान्वयन आदि को सुगम बनाने के लिए जिला स्तरीय स्टैण्डिंग कमेटी का गठन किया गया है।
गठित कमेटी में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अध्यक्ष, पुलिस अधीक्षक सदस्य, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सचिव, समस्त विधानसभा निर्वाचन के रिटर्निंग आफिसर, निर्वाचन कार्य हेतु नियोजित नोडल अधिकारी, मान्यता प्राप्त राजनीति दलों के प्रतिनिधि सदस्य मनोनीत किए गए हैं।



