चुनाव में एक-एक वोट की कीमत याद रख मतदान कराए कार्यकर्ता – विधायक श्री परमार,जिले की पांचो सीटों पर जीत के लिए कार्यकर्ता संकल्पित – विधायक चेतन्य काश्यप,भाजपा दीनदयाल मंडल की कामकाजी बैठक सम्पन्न

indresh98kumar@gmail.com
4 Min Read
||

रतलाम, 21 अगस्त(खबरबाबा.काम)। भाजपा के विधायक प्रवास अभियान में सोमवार को गुजरात से आए बारडोली के विधायक ईश्वर परमार, शहर विधायक चेतन्य काश्यप के साथ दीनदयाल मंडल की कामकाजी बैठक में सम्मिलित हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधानसभा और लोकसभा के चुनाव में एक-एक वोट की कीमत याद रख कर मतदान कराने का आह्वान किया।

शहर विधायक श्री काश्यप ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जिले की पांचों सीटों पर पार्टी की जीत के लिए संकल्पित है। विधानसभा के बाद लोकसभा में भी भाजपा की जीत का सिलसिला बरकरार रहेगा।

बैठक का शुभारंभ विधायक द्वय ने पार्टी के पितृ पुरुष डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान विधायक प्रवास अभियान के जिला प्रभारी महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, सह संयोजक प्रेम उपाध्याय, आरडीए अध्यक्ष अशोक पोरवाल, जिला कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी, जिला मीडिया प्रभारी अरूण त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष कृष्णकुमार सोनी, महामंत्री नंदकिशोर पंवार एवं कमल सिलावट मंचासीन रहे।

विधायक श्री परमार ने बताया कि पार्टी ने पिछले दो विधानसभा चुनाव में भी उन्हें मध्यप्रदेश के प्रवास पर भेजा था। इस बार उन्हें रतलाम आने का मौका मिला। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कोरोना और कांग्रेस शासन काल के कारण तीन साल कोई काम नहीं हुआ। लेकिन दो सालो में चौतरफा विकास कार्य हुए है। रतलाम में उन्हें बताया गया कि पिछले 10 सालों में जितने काम हुए है उतने 50 सालो में नहीं हुए। 1998 में अटलजी की सरकार मात्र 1 वोट से चली गई थी, इसलिए कार्यकर्ता प्रत्येक मत का महत्व समझे और आने वाले चुनाव में ‘‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत’’ का पालन करते हुए अधिक से अधिक मतदान कराए। मतदान जितना अधिक होगा, भाजपा की जीत का अंतर उतना ही बढे़गा।

विधायक श्री काश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व को पूरी दुनिया देख रही है। कोरोना काल में किए गए कार्य सदैव याद रहेंगे। भाजपा का पूरा नेतृत्व देश एवं प्रदेश के विकास में लगा है। गरीब कल्याण के कार्यों में मध्य प्रदेश सबसे आगे है। उन्होंने कहा कि रतलाम जिला मुख्यालय है और यहां भाजपा को मजबूत करेंगे तो जिले की पांचों सीटों पर पार्टी की जीत सुनिश्चित होगी। रतलाम में एटलेन एक्सप्रेस-वे प्रारंभ होने के बाद विकास को नया मुकाम मिलेगा। श्री काश्यप ने शासन की अन्य योजनाओं पर प्रकाश डाला।

आरडीए अध्यक्ष अशोक पोरवाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखकर आगामी चुनाव में रतलाम सहित जिले की पांचों सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित है। विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल ने कार्यकर्ताओं को निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय ने विधायक प्रवास अभियान की जानकारी दी।

जिला सह मीडिया प्रभारी निलेश बाफना ने बताया कि आरंभ में मंडल अध्यक्ष ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री नंदकिशोर पंवार ने किया। आभार सुरेन्द्र सिंह भाटी ने माना। इस दौरान मंडल से जुडे़ जिला व मंडल पदाधिकारी, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *