25 सितंबर के कार्यकर्ता महाकुंभ में नया इतिहास रचेगी भाजपा – प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, भाजपा की जिला बैठक आयोजित

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
|


रतलाम, 18 सितंबर(खबरबाबा.काम)
मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी का है और इस बार भी प्रदेश की जनता का आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी को ही मिलेगा। पार्टी द्वारा प्रदेश के विभिन्न पाँच स्थानों से जन आशीर्वाद यात्राएं निकाली गई है जिनका समागम 25 सितंबर को भोपाल में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में एक महाकुंभ के रूप में होगा। कार्यकर्ताओं के इस महाकुंभ में 11 लाख उपस्थिति में संभावित है जो प्रदेश में एक नया इतिहास रचेगी।

यह बात भाजपा के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने कही। उन्होंने कार्यकर्ता महाकुंभ की तैयारियों को लेकर रंगोली सभागृह में रतलाम जिला भाजपा की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा, मंदसौर जिला प्रभारी गोपीकृष्ण नेमा, विधायक चेतन्य काश्यप, दिलीप मकवाना, संस्कृत बोर्ड अध्यक्ष भरत दास बैरागी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के.के.सिंह, अशोक पोरवाल, निमिष व्यास, जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, निर्मल कटारिया, संगीता चारेल, जिला चुनाव संयोजक बजरंग पुरोहित मंचासीन रहे।


श्री सबनानी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह ने 150 सीट जीतने का लक्ष्य रखा है और इस लक्ष्य की प्राप्ति में सभी जिलों, मण्डलों, शक्ति केन्द्रों एवं बूथों की भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ता महाकुंभ की तैयारियों के माध्यम से हमें पूरे नेटवर्क को खड़ा करना है। महाकुंभ में प्रत्येक स्तर के कार्यकर्ता शामिल होंगे। महाकुंभ हेतु सभी मण्डलों की बैठकें कर शक्ति केन्द्र के कार्यकर्ताओं को सूचीबद्ध किया जाए।

श्री सबनानी ने हर स्तर पर महाकुंभ का वातावरण निर्माण करने एवं इसका अधिक से अधिक प्रचार करने पर जोर दिया। मंदसौर जिला प्रभारी श्री नेमा ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग के कल्याण हेतु कार्य किए है। हमें उन्हें जन-जन तक प्रचारित करना है। कार्यकर्ता महाकुंभ में अधिक से अधिक उपस्थिति दर्ज कर नया रिकॉर्ड बनाना है।

आरंभ में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह लुनेरा ने स्वागत भाषण देते हुए विश्वास दिलाया कि रतलाम जिले से लक्ष्य से अधिक कार्यकर्ता महाकुंभ में शामिल होंगे। जिला मीडिया प्रभारी अरूण त्रिपाठी ने बताया कि बैठक का शुभारंभ पार्टी के पितृपुरूषों डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। संचालन जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय ने किया। आभार जिला महामंत्री निर्मल कटारिया ने माना। इस दौरान जिला पदाधिकारी एवं मण्डल अध्यक्ष गण उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *