8-9 सितम्बर को रतलाम जिले में होगी भाजपा की जनआशीर्वाद यात्रा,रतलाम शहर में 8 को सभा का आयोजन

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
|

रतलाम 2 सितम्बर (खबरबाबा.काम)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली जा रही जनआशीर्वाद यात्रा रतलाम जिले में 8 एवं 9 सितम्बर को भ्रमण करेगी। जिले की सीमा में जनआशीर्वाद यात्रा 8 सितम्बर को प्रातः जावरा विधानसभा क्षेत्र के माननखेड़ा क्षेत्र से प्रवेश करेगी और इसी दिन जावरा, सैलाना विधानसभा क्षेत्र में भ्रमण कर जिला मुख्यालय रतलाम पहुंचेगी।

जनआशीर्वाद यात्रा की तैयारियों को लेकर भाजपा द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही है। जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा का स्वागत जगह-जगह मंच एवं स्वागत द्वार लगाकर किया जाएगा। यात्रा में रथ सभाएं, नुक्कड़ सभा एवं हर विधानसभा में एक-एक बड़ी सभा होगी। यात्रा के क्लस्टर प्रभारी ईश्वरलाल पाटीदार, जिला प्रमुख अशोक जैन लाला, रतलाम शहर विधानसभा प्रमुख मनोहर पोरवाल ने संगठन पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा उपरांत यात्रा के मार्ग को अंतिम रूप दिया है।

जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया कि जनआशीर्वाद यात्रा 8 सितम्बर को प्रातः 10 बजे के बाद जावरा के माननखेड़ा से प्रवेश कर जावरा विधानसभा क्षेत्र में 3 घण्टे भ्रमण करेगी। दोपहर 3 बजे पिपलौदा होते ही 4.30 बजे सैलाना विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेगी। शिवगढ़ में रथ सभा के बाद सायं 6 बजे करीब रतलाम शहर विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी।

रतलाम में प्रमुख मार्गों से यात्रा निकलने के बाद धानमण्डी क्षेत्र में विशाल सभा होगी। इसके बाद रात्रि विश्राम रतलाम में ही कर जनआशीर्वाद यात्रा 9 सितम्बर को प्रातः नगरा रोड से रतलाम ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र के सनावदा, नगरा, बड़ोदिया, ईटावाखुर्द, शिवपुर, लुनेरा, बम्बोरी, कमेड़ होकर यह यात्रा उज्जैन जिले के बड़नगर क्षेत्र में प्रवेश करेगी।

बड़नगर से खाचरौद होते ही 9 सितम्बर की सायं 6 बजे रतलाम जिले के आलोट विधानसभा क्षेत्र में बड़ावदा आएगी। यहां से आलोट विधानसभा क्षेत्र में भ्रमण कर रात्रि विश्राम करेगी और 10 सितम्बर को आलोट से उज्जैन जिले के महिदपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्थित हो जाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा, सांसद गुमानसिंह डामोर, सुधीर गुप्ता, अनिल फिरोजिया, विधायक चेतन्य काश्यप, डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, दिलीप मकवाना, पूर्व विधायक संगीता चारेल एवं जितेन्द्र गेहलोत ने जिलेवासियों जनआशीर्वाद यात्रा का रतलाम जिले में ऐतिहासिक एवं भव्य स्वागत करने की अपील की।

भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन कल

भारतीय जनता पार्टी द्वारा रतलाम शहर विधानसभा का कार्यकर्ता सम्मेलन रविवार 03 सितंबर को बरबड़ स्थित विधायक सभागृह में प्रातः 10.30 बजे आयोजित होगा। सम्मेलन में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, मुख्य अतिथि रहेंगे | अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लुनेरा करेंगे तथा जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय विशेष अतिथि रहेंगे। सांसद गुमानसिंह डामोर , विधायक चेतन्य काश्यप, जिला संयोजक बजरंग पुरोहित ,विधान सभा संयोजक मनोहर पोरवाल, सह संयोजक प्रेम उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष नीलेश गाँधी ,मयूर पुरोहित ,आदित्य डागा एवं विनोद यादव ने कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में अधिक से अधिक उपस्थित रहकर इसे सफल बनाने का आव्हान किया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *